DUSU Election Result: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रदर्शन के बाद बीजेपी सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने संगठन के कार्यकर्ताओं और विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्र शक्ति के उत्साह, संगठन में विश्वास और युवाओं की राष्ट्रीय हित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में ABVP की शानदार जीत पर सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि ABVP आगे भी छात्रों के हितों के लिए पूरी लगन से काम करते हुए राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाता रहेगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में @ABVPVoice की शानदार जीत पर सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं ढेर सारी शुभकामनाएँ।
— Dharmendra Pradhan (@dpradhanbjp) September 19, 2026
यह सफलता छात्र शक्ति के उत्साह, संगठन के प्रति विश्वास और राष्ट्रहित के प्रति युवाओं की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पूर्ण विश्वास है कि ABVP छात्र हितों… pic.twitter.com/GNlLFCgtzP
इससे पहले केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी DUSU चुनाव परिणाम पर ABVP को बधाई दी। उन्होंने चुनाव को महत्वपूर्ण और प्रतीकात्मक बताते हुए कहा कि परिणाम युवाओं की आवाज को दर्शाते हैं। रिजिजू ने दावा किया कि ABVP ने एक बार फिर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
ABVP ने तीन प्रमुख पदों पर दर्ज की जीत
DUSU चुनाव में ABVP ने चार प्रमुख पदों में से तीन पर जीत दर्ज की। यश डबास ने अध्यक्ष पद, रिया छावड़ी ने सचिव पद और लक्ष्य राज सिंह ने संयुक्त सचिव पद पर जीत हासिल की। वहीं, पूर्व NSUI सदस्य और निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शोकीन उपाध्यक्ष पद पर विजयी रहे।
चुनाव प्रचार के दौरान छात्रों से जुड़े कई मुद्दे प्रमुख रहे। इनमें छात्र सुरक्षा, आवास, कैंपस का बुनियादी ढांचा, शैक्षणिक सुविधाएं और सामाजिक न्याय जैसे विषय शामिल थे।
दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद छात्र आवास का मुद्दा भी चर्चा में रहा था। इस हादसे में सात लोगों की मौत हुई थी, जिनमें पांच छात्र शामिल थे। घटना के बाद ABVP और NSUI की ओर से प्रदर्शन कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।