सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में 21 सितंबर 2026 को शहीद स्मृति दिवस समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम कटैया 22 आरडी, दीनबंधी पंचायत में दोपहर 3 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में चिकित्सक और मानव सेवा के प्रतीक रहे डॉ. चंद्रकांत पाटिल को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार, समारोह में स्मृति सभा एवं कोशी गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रसिद्ध लोक एवं सूफी गायिका उषा ठाकुर द्वारा कबीर गायन की प्रस्तुति भी दी जाएगी।

डॉ. चंद्रकांत पाटिल को याद करते हुए आयोजन समिति ने बताया कि वर्ष 2008 में कोशी क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के दौरान उन्होंने मानव सेवा की मिसाल पेश की थी। महाराष्ट्र से आए युवा चिकित्सक डॉ. पाटिल ने अपने परिवार से हजारों किलोमीटर दूर रहकर बाढ़ पीड़ितों की सेवा की थी।

जानकारी के मुताबिक, 21 सितंबर 2008 को कोशी की बाढ़ प्रभावित जनता की सेवा करते हुए वज्रपात में उनकी मृत्यु हो गई थी। उनकी स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम उनके त्याग, सेवा भावना और मानवता के प्रति समर्पण को नमन करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।

डॉ. चंद्रकांत पाटिल स्मृति समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार पुष्पराज ने कहा कि शहादत स्थल को स्मृति स्थल के रूप में विकसित करना हमारा संकल्प हैं। हम आने वाले पीढ़ियों तक इस विरासत को पहुंचाना चाहते हैं। डॉ. पाटिल महाराष्ट्र की धरती से आये थे लेकिन शहीद बिहार की धरती पर हुए। उन्होंने हमें सिखाया कि मानवता की कोई जाति, धर्म, भाषा या राज्य -सीमा नहीं होती।

कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने लोगों से अधिक संख्या में पहुंचकर शहीद चिकित्सक डॉ. चंद्रकांत पाटिल को श्रद्धांजलि देने की अपील की है।

यह भी पढ़ें: बिहार बाढ़ संकट पर तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला, बोले- 'लोग बाढ़ से मर रहे और करोड़ों रुपये दीया-बाती में खर्च'