नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana के तहत दिल्लीवासियों के लिए एक नया पोर्टल लॉन्च किया। इसके जरिए पात्र लोग योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। दिल्ली सरकार के मुताबिक, 3 किलोवाट तक क्षमता वाले रूफटॉप सोलर पैनल लगाने का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में 2.25 लाख घरों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इसके लिए लाभार्थियों का चयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने इसे राजधानी में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम बताया।
3 KW तक सोलर पैनल का खर्च शून्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि 3 किलोवाट तक के सोलर पैनल लगाने के लिए उपभोक्ता को अपनी जेब से कोई पैसा नहीं देना होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस पूरी लागत को वहन करेगी।
उन्होंने लोगों से पोर्टल पर जल्द रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की, क्योंकि योजना का लाभ पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।
फ्रीबी की राजनीति नहीं, विकास की राजनीति
सीएम रेखा गुप्ता ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले ‘मुफ्त की राजनीति’ की जाती थी, जबकि मौजूदा सरकार ‘विकास की राजनीति’ कर रही है। उनके मुताबिक, PM Surya Ghar योजना दिल्ली में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
क्या है PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana?
PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana केंद्र सरकार की प्रमुख रूफटॉप सोलर योजना है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2024 में लॉन्च किया था। योजना का उद्देश्य देशभर में 1 करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम को बढ़ावा देना है। योजना के तहत पात्र परिवारों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
दिल्ली में अब इस योजना को लेकर अलग पोर्टल शुरू होने के बाद पात्र निवासी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और रूफटॉप सोलर पैनल का लाभ लेने की प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे।