Delhi Airport News: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (IGI Airport) की तीसरी रनवे 20 सितंबर 2026 से फिर से परिचालन में आ जाएगी। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। रनवे 11R/29L को व्यापक मरम्मत और अपग्रेड के बाद दोबारा विमानों के संचालन के लिए तैयार किया गया है।
फरवरी से चल रहा था पुनर्विकास का काम
DIAL के मुताबिक, रनवे के पुनर्वास और मजबूतीकरण का काम फरवरी 2026 में शुरू हुआ था। इस दौरान रनवे की सतह को मजबूत करने के साथ कई महत्वपूर्ण एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य किए गए। सभी जरूरी निरीक्षण, परीक्षण और नियामकीय प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद रनवे को दोबारा संचालन की मंजूरी मिल गई है।
रनवे पर किए गए ये बड़े बदलाव
पुनर्वास परियोजना के तहत रनवे पर कई अहम काम किए गए हैं। इनमें रनवे की री-सर्फेसिंग और मजबूतीकरण, रनवे 29L के स्थायी थ्रेशहोल्ड विस्थापन, नए Rapid Exit Taxiway (RET Z1) का निर्माण, एयरफील्ड ग्राउंड लाइटिंग सिस्टम का अपग्रेड, एयरपोर्ट की सिविल और इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार, विमान संचालन से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाना होगा ।
इन बदलावों से विमानों की आवाजाही को अधिक सुचारू बनाने, रनवे पर विमान के रुकने का समय कम करने और अलग-अलग मौसम की परिस्थितियों में परिचालन की विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
DGCA और AAI समेत कई एजेंसियों के साथ हुआ काम
DIAL ने इस पूरे प्रोजेक्ट के दौरान DGCA, Airports Authority of India (AAI), Air Traffic Control (ATC), एयरलाइंस और अन्य संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम किया। रनवे को दोबारा शुरू करने से पहले सभी जरूरी सुरक्षा, परिचालन और नियामकीय मानकों की जांच की गई।
DIAL CEO ने क्या कहा?
DIAL के CEO प्रदीप पाणिकर ने कहा कि रनवे 11R/29L का दोबारा शुरू होना दिल्ली एयरपोर्ट के भविष्य के लिए तैयार एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस जटिल पुनर्वास परियोजना को सफलतापूर्वक पूरा करना सुरक्षा, बेहतर परिचालन और यात्रियों की सुविधा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि अपग्रेड किया गया रनवे, नया Rapid Exit Taxiway और बेहतर नेविगेशन व लाइटिंग सिस्टम दिल्ली एयरपोर्ट की क्षमता और परिचालन क्षमता को और मजबूत करेंगे। साथ ही, इससे देश में बढ़ती विमानन जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।