Japan Cricket Captain Statement: हाल ही में भारत और जापान के बीच रोमांचक टी20 मुकाबला खेला गया था। मैच में एक समय जापान की टीम जीत के बेहद करीब पहुंच गई थी लेकिन अंतिम ओवर में हरफनमौला खिलाड़ी अक्षर पटेल ने पूरी बाजी पलट दी।

अब जापान के कप्तान केंडल कडोवाकी फ्लेमिंग ने कहा कि उनकी टीम ने एक टॉप विरोधी टीम के खिलाफ शानदार कॉन्फिडेंस दिखाया, और कहा कि यह उनकी टीम के लिए बहुत कुछ सीखने का मौका था। साथ ही कडोवाकी-फ्लेमिंग को लगा कि जापान में एलीट क्रिकेट देशों के साथ गैप को कम करने के लिए ग्रासरूट प्रोग्राम को बढ़ाने की तुरंत जरूरत है। 

हम पूरे मैच में कॉन्फिडेंस थे-कप्तान

भारत-जापान के बीच खेले गए ऐतिहासिक इंटरनेशनल टी20 मैच में शायद ही किसी ने उम्मीद की होगी कि भारतीय टीम को जीत के लिए अंतिम गेंद तक जाना होगा। जबकि उसी टीम ने आईसीसी टी20 रैंकिंग में 10वें स्थान पर मौजूद अफगानिस्तान को तीन मैच की सीरीज में क्लीन स्वीप किया था। वहीं, शुक्रवार को जापानी कैप्टन कडोवाकी-फ्लेमिंग ने कहा, 

"भारत और जापान के बीच रैंकिंग में अंतर के बावजूद, हम पूरे मैच में कॉन्फिडेंस के साथ खेल पाए और उन्हें चैलेंज कर पाए। हालांकि बदकिस्मती से हम इस बार हार गए, लेकिन हम आज के अनुभव का इस्तेमाल करके टॉप रैंक वाली टीमों को हराना चाहते हैं और ऊंचा लक्ष्य रखना चाहते हैं।"

ये हमारे लिए सम्मान की बात है- कडोवाकी

शायद ही भारतीय क्रिकेट में कभी ऐसा हुआ हो कि किसी कमजोर टीम के खिलाफ टीम इंडिया अपने फुल स्ट्रेंथ  के साथ मैदान पर उतरी हो। भारत की प्लेइंग इलेवन में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर जैसे बड़े नाम शामिल थे। भारतीय टीम को लेकर जापान क्रिकेट टीम के कप्तान कडोवाकी-फ्लेमिंग ने कहा,

"दुनिया के बेस्ट बैट्समैन और बॉलर्स वाली टॉप-टियर टीम के खिलाफ खेलना सम्मान की बात थी। मेरा मानना ​​है कि हमने उनके खिलाफ अच्छी टक्कर दी, और प्लेयर्स,  जिनमें यंग प्लेयर्स भी शामिल हैं, ने मैच की सिचुएशन के हिसाब से खुद को अच्छी तरह ढाल लिया। प्लेयर्स को इस गेम से कीमती एक्सपीरियंस मिला, इसलिए मैं फ्यूचर को लेकर एक्साइटेड हूं। हम अगले लेवल पर पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।"

2,149 दर्शकों ने देखा था मैच

भारत-जापान मैच की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस सुपर हिट मैच के टिकट कुछ ही घंटों में बिक गए थे। मैच के लिए रिकॉर्ड तोड़ 2,149 दर्शकों की भीड़ जुटी, जो जापान में किसी क्रिकेट मैच में अब तक की सबसे ज्यादा भीड़ थी।

इसे इंग्लिश और जापानी में ऑफिशियल ऑनलाइन स्ट्रीमिंग पर दो मिलियन से ज्यादा बार देखा गया था जो एक शानदार उपलब्धि थी। बता दें कि, बारिश से प्रभावित मुकाबले को प्रत्येक इनिंग में 5-5 ओवर का कर दिया गया। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए केवल 32/4 रन बनाए थे। इसके जवाब में जापानी पारी 30 रन पर रूक गई और भारत ने दो रन से रोमांचक जीत दर्ज कर ली।

ये भी पढ़ें- टेस्ट सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका ने शुरू की तैयारी, आइरीन क्रिकेट क्लब में लगाया कैंप, 28 खिलाड़ियों को चुना