India Women vs Bangladesh Women: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में जगह बना ली है। बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने 114 रन से बड़ी जीत दर्ज की। भारत की जीत की सबसे बड़ी वजह शेफाली वर्मा की तूफानी पारी रही। उन्होंने सिर्फ 49 गेंद में शतक पूरा किया और नाबाद लौट गईं।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रन बनाए थे। जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 81 रन पर सिमट गई। शेफाली की पारी की बात करें तो उन्होंने 49 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 9 छक्के और 3 चौके निकले।

49 गेंद में शतक, 200 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट

निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में शेफाली ने शुरुआत से ही बांग्लादेश के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए और देखते ही देखते अपना शतक पूरा कर लिया।शेफाली ने 204.08 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उनकी पारी में 12 बाउंड्री शामिल रहीं। इसमें 9 छक्के और 3 चौके थे।भारत ने शेफाली की इस पारी के दम पर 195 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। बांग्लादेश की टीम इस लक्ष्य के करीब भी नहीं पहुंच सकी और 81 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

शेफाली ने बनाया खास रिकॉर्ड

बांग्लादेश की पूरी टीम ने मिलकर 81 रन बनाए, जबकि शेफाली अकेले 100 रन बनाकर नाबाद रहीं। इसी के साथ उन्होंने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।शेफाली T20 इंटरनेशनल में विरोधी टीम के पूरे स्कोर से ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय महिला खिलाड़ियों के खास क्लब में शामिल हो गई हैं। वह ऐसा करने वाली पांचवीं भारतीय महिला क्रिकेटर हैं।इससे पहले हरमनप्रीत कौर, मिताली राज, जेमिमा रोड्रिग्स और स्मृति मंधाना यह कारनामा कर चुकी हैं।

स्मृति मंधाना भी इसी साल बना चुकी हैं रिकॉर्ड

इस लिस्ट में स्मृति मंधाना का नाम भी शामिल है। उन्होंने 2026 में हांगकांग के खिलाफ 124 रन की पारी खेली थी, जबकि हांगकांग की टीम 56 रन ही बना सकी थी।हरमनप्रीत कौर ने 2014 में बांग्लादेश के खिलाफ 77 रन बनाए थे और बांग्लादेश की टीम 72 रन पर 8 विकेट के स्कोर तक पहुंची थी।मिताली राज ने 2018 में मलेशिया के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाए थे, जबकि मलेशियाई टीम सिर्फ 27 रन बना सकी थी। जेमिमा रोड्रिग्स ने 2022 में UAE के खिलाफ नाबाद 75 रन बनाए थे और UAE का स्कोर 74/4 रहा था।

फाइनल में श्रीलंका से होगी टक्कर

बांग्लादेश को हराने के बाद अब भारतीय टीम की नजर गोल्ड मेडल पर है। फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। श्रीलंकाई टीम ने अपने सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बनाई है।भारत और श्रीलंका के बीच गोल्ड मेडल मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा। भारत के पास अब एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने का मौका है।