India ODI Squad to Assemble: शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय वनडे टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के लिए गुरुवार (24 सितंबर) तक तिरुवनंतपुरम में इकट्ठा हो जाएगी। कुछ खिलाड़ी बुधवार रात को सीरीज के पहले मैच के लिए स्टेडियम पहुंचेंगे, जबकि बाकी खिलाड़ी एक दिन बाद जुड़ेंगे।

इस सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा की वापसी होगी, वहीं रवींद्र जडेजा न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद टीम से बाहर किए जाने के बाद इस फॉर्मेट में वापसी कर रहे हैं। हालांकि, एशियन गेम्स 2026 के कारम कई खिलाड़ी इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। 

आकिब-गायकवाड़ की वापसी

जम्मू-कश्मीर के मध्यम तेज गेंदबाज आकिब नबी को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुना गया है। इससे पहले आकिब का चयन श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए किया गया था लेकिन पूरी श्रृंखला के समय वह बेंच पर ही बैठे थे। इस सीरीज में बुमराह उपलब्ध नहीं होंगे और यही वजह है कि आकिब पर चयनकर्ताओं ने भरोसा जताया है।

इसके अलावा मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के तौर पर ऋतुराज गायकवाड़ को भी चुना गया है, जिन्होंने अपनी आखिरी वनडे सीरीज साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली और दूसरे वनडे में उनके बल्ले से शानदार शतकीय पारी देखने को मिली थी। अब गायकवाड़ वेस्टइंडीज के सामने भी बड़ी पारियां खेलकर वापसी करना चाहेंगे।

हार्दिक बाहर, रेड्डी अंदर

वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के चयन लिए स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या उपलब्ध नहीं थे, ऐसे में चयनकर्ताओं ने नीतीश कुमार रेड्डी को एशियाई खेलों से बाहर करके वनडे सीरीज में शामिल किया है।

चयन समिति भी युवा ऑलराउंडर को गेंदबाजी में सुधार और निरंतरता लाने का मौका देना चाहती है और यही वजह है कि उन्होंने रेड्डी को एशियाई खेलों से बाहर करके वनडे सीरीज में चुना है।

टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कहा कि रेड्डी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अधिक गेंदबाजी करने पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे और उन्होंने पांड्या और रेड्डी दोनों को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की संभावना का संकेत भी दिया।

केएल राहुल होंगे पहली पसंद

केएल राहुल इस सीरीज में टीम इंडिया के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज की पसंद के तौर पर खेलते नजर आएंगे। चयन समिति ने उनको उप कप्तान भी नियुक्त किया है और ऐसे में उनका खेलना पक्का है। वहीं, बैकअप विकेटकीपर के तौर पर ध्रुव जुरेल को चुना गया है, जिन्होंने श्रीलंका दौरे पर शानदार सैकड़ा जड़ा था।

बता दें कि, इस सीरीज में ईशान किशन नहीं होंगे, क्योंकि वह सीरीज के समय जापान में एशियाई खेलों का हिस्सा होंगे और यही वजह है कि चयनकर्ताओं ने जुरेल को बैकअप विकेटकीपर के तौर पर चुना है। केएल राहुल फिलहाल वनडे सीरीज की तैयारी के लिए बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में प्रशिक्षण ले रहे हैं।

भारत का वनडे स्क्वाड

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उप-कप्तान), ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जयसवाल, नमन धीर।

वेस्टइंडीज का वनडे स्क्वाड

शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टि, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्डे, जस्टिन ग्रीव्स, आमिर जांगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, विटेल लॉज़, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड, जेडन सील्स।

ये भी पढ़ें- BCCI को बीच सीरीज अचानक बदलना पड़ा मैदान, जाने क्या रही वजह