John Campbell Century:  भारत और वेस्टइंडीज के बीच इस समय गुवाहाटी के बरसापारा इंटरनेशनल स्टेडियम में श्रृंखला का दूसरा एकदिवसीय मैच खेला जा रहा है।

मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया लेकिन शायद उनको भी नहीं मालूम था कि इस मैदान पर जॉन कैंपबेल नाम का तूफान आने वाला है, जो भारतीय गेंदबाजी को नेस्तनाबूद कर देगा।

पहले बैटिंग करने उतरी वेस्टइंडीज की ओपनिंग जोड़ी पहले वनडे के मुकाबले बदली हुई थी। इस बार जॉन कैंपबेल के साथ पारी का आगाज कीसी कार्टी करने उतरे, लेकिन वह भी कैंपबेल की आक्रामक बल्लेबाजी देख हैरान रह गए।

जॉन कैंपबेल के निशाने पर भारतीय गेंदबाज

पहले बैटिंग करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही। नई सलामी जोड़ी कीसी कार्टी और जॉन कैंपबेल से टीम मैनेजमेंट को बड़ी साझेदारी की उम्मीद थी लेकिन कार्टी 10 गेंदों पर मात्र 9 रन बनाकर आउट हो गए।

इसके बाद कैंपबेल और कप्तान शाई होप ने मोर्चा संभाला लेकिन कैंपबेल ने अधिक आक्रामक रुख अपनाया। बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने पहले मात्र 29 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे और 65 गेंदों पर शतक ठोक मैदान पर तबाही मचा दी।

कैंपबेल ने 65 गेंदों में बनाए शतक में 9 चौके मारे थे तो इस दौरान उनके बल्ले से 5 गगनचुंबी छक्के भी निकले। हालांकि, वह अपने शतक को बड़े शतक में नहीं बदल सके और 68 गेंदों पर 101 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

कप्तान के साथ पारी को संभाला

37 पर पहला विकेट गंवाने के बाद लग रहा था कि वेस्टइंडीज की पारी जल्दी सिमट जाएगी लेकिन नंबर तीन पर उतरे कप्तान शाई होप के साथ मिलकर कैंपबेल ने दूसरे विकेट के लिए 79 गेंदों पर 110 रन की बहुमूल्य शतकीय साझेदारी की।

इसमें कैंपबेल का योगदान 47 गेंदों पर 79 का था तो होप ने 32 गेंदों पर 26 रन का योगदान दिया था। कैंपबेल की ही आक्रामक पारी की बदौलत ही भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा और इसका फायदा कप्तान शाई होप ने उठाया। 

बड़े स्कोर की तरफ बढ़ती विडींज

गुवाहाटी के बरसापारा इंटरनेशनल स्टेडियम में वेस्टइंडीज बड़े स्कोर की ओर अग्रसर है। टीम ने 30 ओवर की समाप्ति तक 234/2 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं और उनके 8 विकेट शेष हैं।

खबर लिखे जाने तक शाई होप 65 और आमिर जांगू 44 के व्यक्तिगत स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। अगर वेस्टइंडीज बचे 20 ओवर में आक्रामक रुख अपनाती है तो वह यकीनन 360 से 370 के स्कोर तक पहुंच सकती है, जिसके बाद वह भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बना सकती है।

ये भी पढ़ें- ‘हम बहुत खुशकिस्मत हैं…’ विराट कोहली को लेकर संजू ने कही दिल जीतने वाली बात, बताया टीम पर क्या पड़ता है प्रभाव