असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा निदेशालय ने 330 एडेड कॉलेजों में 44 विषयों के कुल 2,107 खाली पदों का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया है। इनमें सबसे अधिक 195 पद हिंदी विषय के हैं। लंबे समय बाद होने वाली इस भर्ती में साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स और शिक्षा समेत कई विषयों के लिए बड़ी संख्या में पद उपलब्ध होंगे। अब चयन आयोग जल्द ही विज्ञापन जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर सकता है, जिसका इंतजार हजारों उम्मीदवार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: UGC NET Answer Key : NTA जल्द जारी कर सकता है आसंर की, जून में हुआ था NET का एग्जाम

17 विषयों में 50 से ज्यादा रिक्तियां
इस भर्ती में 17 ऐसे विषय हैं जिनमें 50 से अधिक पदों पर नियुक्तियां होंगी। कॉमर्स में 99, फिजिक्स में 98, भूगोल में 96, राजनीतिशास्त्र में 94, जूलॉजी में 91, समाजशास्त्र में 81, मनोविज्ञान में 71, विधि में 61, इतिहास में 60 और मैथ्स में 51 पद प्रस्तावित हैं। इससे विभिन्न विषयों के अभ्यर्थियों को अच्छी संख्या में अवसर मिलने की उम्मीद है।

कई विषयों में बहुत कम पद
कुछ विषय ऐसे भी हैं जिनमें रिक्तियों की संख्या काफी कम है। एशियन कल्चर, मानव विज्ञान और संगीत वादन (सितार) में केवल एक-एक पद है। कृषि सांख्यिकी और कुक्कुट पालन में दो-दो, कीट विज्ञान में चार, कृषि एवं पादप प्रजनन तथा कृषि प्रसार में पांच-पांच, भूगर्भ विज्ञान में छह, उद्यान विज्ञान में सात और कृषि रसायन व कृषि वनस्पति में आठ-आठ पद हैं। संगीत वादन (तबला) के लिए नौ पद रखे गए हैं। कुक्कुट पालन विषय के पद अलग से विज्ञापित नहीं किए जाएंगे।

Written by Rozi Sinha