UGC- NET 2026 परीक्षा में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थी अब प्रोविजनल आंसर-की का इंतजार कर रहे हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यह परीक्षा 22, 23, 24, 25, 29 और 30 जून 2026 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद से उम्मीदवार अपने संभावित अंकों का आकलन करने के लिए आंसर-की जारी होने की राह देख रहे हैं।
पिछले वर्षों के ट्रेंड पर नजर डालें तो एनटीए आमतौर पर परीक्षा समाप्त होने के एक से दो सप्ताह के भीतर प्रोविजनल आंसर-की जारी कर देता है। इसी आधार पर माना जा रहा है कि यूजीसी नेट जून 2026 की आंसर-की इसी सप्ताह या अगले सप्ताह तक जारी की जा सकती है। हालांकि, एनटीए की ओर से अभी तक आंसर-की जारी करने की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। ऐसे में अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखते रहने की सलाह दी जा रही है।
प्रोविजनल आंसर-की जारी होने के बाद उम्मीदवारों को उस पर आपत्ति दर्ज कराने का भी अवसर मिलेगा। यदि किसी अभ्यर्थी को किसी प्रश्न के उत्तर पर संदेह या असहमति होती है, तो वह निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकता है। आमतौर पर इसके लिए 2 से 3 दिनों का समय दिया जाता है।
आपत्ति दर्ज करने के लिए प्रत्येक प्रश्न पर 200 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। यह शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा। एनटीए विशेषज्ञों की समिति द्वारा प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा करेगा और यदि कोई आपत्ति सही पाई जाती है तो उसके आधार पर अंतिम आंसर-की तैयार की जाएगी। इसके बाद संशोधित उत्तरों के आधार पर यूजीसी नेट जून 2026 का परिणाम घोषित किया जाएगा।
Written by Rozi Sinha