प्रकृति ने इस दुनिया को कई अद्भुत और रहस्यमयी चीजें दी हैं। इन चीजों के बारे में जानकर अक्सर लोगों को हैरानी होती है। ऐसी ही एक अनोखी चीज गाय के शरीर में बनने वाली खास पथरी है, जिसे Bezoar Stone कहा जाता है। यह पथरी बहुत ही दुर्लभ होती है और हर गाय में नहीं बनती। इसी वजह से इसकी कीमत कई बार लाखों रुपये तक पहुंच जाती है। आइए जानते हैं कि यह पथरी कैसे बनती है और इसका उपयोग किन-किन कामों में किया जाता है।
Bezoar Stone का उपयोग कहां होता है?
गाय के शरीर में बनने वाली इस दुर्लभ पथरी का इस्तेमाल मुख्य रूप से सजावटी वस्तुओं और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में किया जाता है। कुछ जगहों पर इसे कीमती और विशेष वस्तु माना जाता है। इसकी दुर्लभता और अलग पहचान के कारण बाजार में इसकी मांग बनी रहती है, इसलिए यह अक्सर चर्चा का विषय भी बन जाती है।
यह पथरी कैसे बनती है?
माना जाता है कि यह पथरी गाय के पेट या पाचन तंत्र के अंदर बनती है। जब गाय चारा खाती है, तो कभी-कभी उसके साथ बाल, पौधों के रेशे या अन्य छोटे-छोटे कण पेट में चले जाते हैं। समय के साथ ये पदार्थ पेट में जमा होने लगते हैं और इनके ऊपर खनिज पदार्थों की परतें बनती जाती हैं। धीरे-धीरे यह परतें कठोर होकर गोल और सख्त पत्थर का रूप ले लेती हैं। इन पथरियों में आमतौर पर कैल्शियम फॉस्फेट और कैल्शियम कार्बोनेट जैसे खनिज पाए जाते हैं। इन्हें बनने में कई साल लग सकते हैं, इसलिए ये काफी दुर्लभ मानी जाती हैं।
इसकी कीमत कैसे तय होती है?
Bezoar Stone की कीमत कई बातों पर निर्भर करती है। इसका रंग, आकार और गुणवत्ता इसकी कीमत तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं। अगर पथरी का रंग सुनहरा या गहरा भूरा हो, तो उसकी कीमत ज्यादा मानी जाती है। इसी तरह बड़े आकार की पथरी छोटी पथरी की तुलना में ज्यादा महंगी बिकती है। अच्छी गुणवत्ता होने पर इसकी कीमत लाखों रुपये तक पहुंच सकती है।
Written By Toshi Shah