Shani Gochar 2026: वैदिक ज्योतिष में शनिदेव को न्याय और कर्मफल का ग्रह माना जाता है। अन्य ग्रहों की तुलना में शनि सबसे धीमी गति से राशि परिवर्तन करते हैं। एक राशि से दूसरी राशि में पहुंचने में उन्हें करीब ढाई वर्ष का समय लगता है। वैदिक पंचांग के अनुसार, फिलहाल शनि मीन राशि में गोचर कर रहे हैं, लेकिन 3 जून 2027 को वे मेष राशि में प्रवेश करेंगे। ज्योतिषियों की मानें तो इस राशि परिवर्तन के साथ कुछ राशियों के लिए शनि की ढैय्या समाप्त होगी, जबकि दो नई राशियां इसकी चपेट में आ जाएंगी। तो चलिए जानते हैं इस कौन सी हैं ये 2 राशियां जिन्हें शनि गोचर से सावधान रहने की जरूरत है।
जून 2027 से किन राशियों पर शुरू होगी शनि की ढैय्या?
ज्योतिषाचार्य सुजीत जी महाराज के अनुसार, शनि जिस राशि में रहते हैं, उससे चौथे और आठवें स्थान पर स्थित राशियों पर शनि की ढैय्या का प्रभाव माना जाता है। ऐसे में जब शनि मेष राशि में प्रवेश करेंगे, तब कन्या और मकर राशि के जातकों पर शनि की ढैय्या शुरू हो जाएगी।
इन राशियों को मिल सकती है राहत
शनि के मेष राशि में प्रवेश करते ही सिंह और धनु राशि के लोगों की ढैय्या समाप्त हो जाएगी। इसके बाद लंबे समय से रुके कार्यों में गति आने, अड़चनें कम होने और परिस्थितियों में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है।
कन्या राशि वाले जातक रहें सावधान
कन्या राशि के जातकों को इस दौरान सेहत का विशेष ध्यान रखना पड़ सकता है। अनियोजित खर्च बढ़ने की संभावना रहेगी, इसलिए आर्थिक फैसले सोच-समझकर लेना बेहतर होगा। नौकरी और कारोबार में चुनौतियां सामने आ सकती हैं। परिवार और करीबी रिश्तों में मतभेद की स्थिति भी बन सकती है, इसलिए धैर्य और संयम बनाए रखना जरूरी होगा।
मकर राशियों को रहना होगा सावधान
मकर राशि वालों के लिए यह समय कुछ उतार-चढ़ाव लेकर आ सकता है। आर्थिक मामलों में सावधानी बरतने की जरूरत होगी और खर्चों पर नियंत्रण रखना लाभदायक रहेगा। मेहनत का परिणाम मिलने में अपेक्षा से अधिक समय लग सकता है। मानसिक दबाव बढ़ने की आशंका रहेगी। जमीन, मकान या वाहन से जुड़े मामलों में जल्दबाजी से बचना चाहिए। परिवार और रिश्तेदारों के साथ बातचीत में भी संयम रखना उचित रहेगा।
इन बातों का रखें खास ध्यान
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, शनि की ढैय्या हर व्यक्ति के लिए समान परिणाम नहीं देती। यदि जन्म कुंडली में शनि शुभ स्थिति में हों तो यही समय उन्नति, पद-प्रतिष्ठा और सफलता का कारण भी बन सकता है। इसलिए किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले अपनी व्यक्तिगत कुंडली का विश्लेषण किसी अनुभवी ज्योतिषी से कराना उचित माना जाता है।
Written By: Sushma Pandey