चीन के मकाउ में हाल ही में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जिसने लोगों को चौंका दिया। यहां एक ह्यूमनॉइड रोबोट के व्यवहार की वजह से पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते गुरुवार पटाने इलाके के एक रिहायशी क्षेत्र के पास हुई।

रोबोट से उलझ पड़ी महिला

बताया जा रहा है कि करीब 70 साल की एक बुजुर्ग महिला सड़क किनारे फोन इस्तेमाल कर रही थीं, तभी उन्हें अचानक अपने पीछे एक ह्यूमनॉइड रोबोट खड़ा नजर आया। रोबोट को देखकर महिला घबरा गईं और गुस्से में उससे उलझ पड़ीं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला रोबोट से बहस करती दिखाई दे रही हैं। थोड़ी देर बाद मौके पर दो सुरक्षाकर्मी पहुंचते हैं और स्थिति को संभाल लेते हैं।

रोबोट को पुलिस ने किया गिरफ्तार

वीडियो में यह भी दिखता है कि पुलिस रोबोट को अपने साथ ले जाती है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में महिला को कोई गंभीर चोट नहीं आई। एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी।

पुलिस ने दी जानकारी

घटना के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने मजाक में कहा कि रोबोट को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह रोबोट शहर के एक शैक्षणिक संस्थान का था, जिसका उपयोग जागरूकता और प्रचार कार्यक्रमों के लिए किया जा रहा था। अधिकारियों ने रोबोट को उसके ऑपरेटर को वापस सौंप दिया और सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे उपकरणों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की सलाह दी। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस रोबोट को एक चीनी कंपनी ने विकसित किया था और इसे मई 2024 में लॉन्च किया गया था। इसमें आधुनिक तकनीक और उन्नत फीचर्स शामिल हैं, जो इसे चलने और आसपास के माहौल को समझने में सक्षम बनाते हैं। घटना के बाद रोबोट के संचालक ने महिला से माफी भी मांगी।

 Written By Toshi Shah