Raksha Bandhan 2026 Date and Shubh Muhurat: रक्षाबंधन हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है, जो भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी के पवित्र रिश्ते को दर्शाता है। वैदिक पंचांग के अनुसार, यह पर्व हर साल सावन माह की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है। हालांकि, साल 2026 में पूर्णिमा तिथि दो दिनों तक रहने के कारण रक्षाबंधन की तारीख को लेकर लोगों के बीच असमंजस बना हुआ है। कई लोग यह जानना चाहते हैं कि राखी 27 अगस्त को बांधी जाएगी या 28 अगस्त को। ऐसे में आइए जानते हैं कि साल 2026 में रक्षाबंधन किस दिन मनाया जाएगा और राखी बांधने का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा।

रक्षाबंधन 2026 की सही तारीख क्या है?( Raksha Bandhan 2026)
हिंदू पंचांग के अनुसार, सावन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त 2026 की सुबह 9 बजकर 7 मिनट से शुरू होगी और अगले दिन यानी 28 अगस्त 2026 की सुबह 9 बजकर 49 मिनट तक रहेगी। हिंदू परंपरा में अधिकांश त्योहारों का निर्धारण उदयातिथि को ध्यान में रखकर किया जाता है। इसी वजह से शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन का पर्व मनाना शुभ माना जा रहा है।

राखी बांधने का शुभ मुहूर्त 2026 ( Raksha Bandhan 2026 Shubh Muhurat)
रक्षाबंधन के दिन राखी बांधने के लिए शुभ समय का विशेष महत्व होता है। पंचांग के मुताबिक, 28 अगस्त 2026 को सुबह 5 बजकर 57 मिनट से लेकर सुबह 9 बजकर 48 मिनट तक राखी बांधने का शुभ मुहूर्त रहेगा। इस दौरान बहनें पूजा-अर्चना के बाद अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधेंगी और उनके बेहतर स्वास्थ्य, लंबी आयु और जीवन में सफलता की कामना करेंगी। वहीं भाई भी बहनों की रक्षा और हर परिस्थिति में साथ निभाने का संकल्प लेते हैं।

रक्षाबंधन का धार्मिक और पौराणिक महत्व ( Raksha Bandhan Katha)
रक्षाबंधन सिर्फ एक पारिवारिक त्योहार नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति में इसे सुरक्षा, विश्वास और प्रेम के पवित्र रिश्ते का प्रतीक माना जाता है। पौराणिक कथाओं में इसका संबंध देवताओं और असुरों के बीच हुए युद्ध से भी बताया गया है। मान्यता है कि उस समय इंद्र की पत्नी शची ने उनके हाथ पर रक्षा सूत्र बांधा था, जिसके बाद इंद्र को विजय प्राप्त हुई।

वहीं भगवान श्रीकृष्ण और द्रौपदी से जुड़ी कथा भी रक्षाबंधन के महत्व को दर्शाती है। कहा जाता है कि एक बार श्रीकृष्ण की उंगली पर चोट लगने से खून निकल आया था। यह देखकर द्रौपदी ने तुरंत अपनी साड़ी का कपड़ा फाड़कर उनकी उंगली पर बांध दिया। इसके बदले श्रीकृष्ण ने हमेशा उनकी रक्षा करने का वचन दिया। यही प्रसंग भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम और विश्वास की भावना को मजबूत करता है।

रक्षाबंधन के दिन कैसे करें पूजा? ( Raksha Bandhan 2026 Puja Vidhi)
रक्षाबंधन के दिन सुबह स्नान करने के बाद घर में पूजा की तैयारी की जाती है। पूजा की थाली में राखी, रोली, अक्षत, मिठाई और दीपक रखकर भगवान का स्मरण किया जाता है। इसके बाद बहन भाई के माथे पर तिलक लगाती है, आरती करती है और उसकी कलाई पर राखी बांधती है। मिठाई खिलाकर भाई की खुशहाली की कामना करती है।इसके बदले भाई अपनी बहन को उपहार देता है और हमेशा उसका साथ देने का वादा करता है।

रक्षाबंधन 2026 से जुड़े सवाल (FAQ)

Q1. रक्षाबंधन 2026 कब मनाया जाएगा?
A. पंचांग के अनुसार रक्षाबंधन 2026 शुक्रवार, 28 अगस्त को मनाया जाएगा।

Q2. रक्षाबंधन 2026 में राखी बांधने का शुभ समय क्या है?
A. 28 अगस्त 2026 को सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक राखी बांधने का शुभ मुहूर्त रहेगा।

Q3. रक्षाबंधन क्यों मनाया जाता है?
A. रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के वचन का प्रतीक माना जाता है।

Q4. रक्षाबंधन किस तिथि को मनाया जाता है?
A. रक्षाबंधन सावन मास की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है।

Written By: Sushma Pandey