विदेश में पढ़ाई का सपना देखने वाले छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ब्रिटेन की प्रतिष्ठित ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी में MBA करने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए Skoll MBA Scholarship 2027 के आवेदन शुरू हो गए हैं। यह स्कॉलरशिप उन छात्रों के लिए है जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से काम कर रहे हैं और सोशल आंत्रप्रेन्योरशिप के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके हैं।

यह स्कॉलरशिप ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी के Saïd Business School में MBA प्रोग्राम के लिए दी जाती है। इसके तहत चयनित छात्रों की पूरी ट्यूशन फीस संस्था की ओर से वहन की जाएगी। इतना ही नहीं, ब्रिटेन में पढ़ाई के दौरान रहने और अन्य जरूरी खर्चों के लिए हर साल 21,805 पाउंड (करीब 28 लाख रुपये) की आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी। स्कॉलरशिप पाने वाले छात्रों को सिर्फ आर्थिक मदद ही नहीं मिलेगी, बल्कि वे Skoll Scholars Community का हिस्सा भी बनेंगे। इस नेटवर्क के जरिए उन्हें दुनिया के जाने-माने सोशल इनोवेटर्स, उद्यमियों और विशेषज्ञों के साथ जुड़ने, अनुभव साझा करने और नई सीख हासिल करने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें : NEET UG 2026: MBBS, BDS और नर्सिंग दाखिले के लिए काउंसिलिंग का कार्यक्रम जारी, 4 अगस्त से शुरू होगा पंजीकरण

इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बैचलर डिग्री होना जरूरी है। साथ ही उसका अकादमिक रिकॉर्ड अच्छा होना चाहिए। आवेदनकर्ता को सोशल आंत्रप्रेन्योरशिप के क्षेत्र में सक्रिय कार्य का अनुभव भी दिखाना होगा। यदि उम्मीदवार ने अपना सोशल वेंचर शुरू किया है, तो उसे अतिरिक्त प्राथमिकता मिल सकती है। आवेदन के दौरान यह भी साबित करना होगा कि उम्मीदवार अपने स्तर पर MBA की महंगी पढ़ाई का खर्च उठाने में सक्षम नहीं है।

इसके अलावा ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी की अंग्रेजी भाषा संबंधी पात्रता, जैसे IELTS या TOEFL में निर्धारित स्कोर हासिल करना भी अनिवार्य होगा। जो छात्र ऑक्सफर्ड जैसे विश्वस्तरीय संस्थान से MBA कर वैश्विक स्तर पर नेतृत्व और सामाजिक बदलाव की दिशा में काम करना चाहते हैं, उनके लिए यह स्कॉलरशिप सुनहरा अवसर साबित हो सकती है।

Written by Rozi Sinha