पेपर लीक के कारण चर्चा में आई एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) ने अपने सबसे बड़े संस्थागत सुधार की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। एनटीए ने Build New NTA मिशन की शुरुआत की है। इस मिशन के तहत एनटीए ने चार बड़े पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे हैं। एनटीए ने असेसमेंट (R&D और साइकोमेट्रिक), टेस्ट सेंटर नेटवर्क और ऑपरेशन्स, इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी (चीफ इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर), और विजिलेंस, इन्वेस्टिगेशन और फोरेंसिक्स के लिए जनरल मैनेजर के पदों पर भर्ती निकाली है।
NTA ने अपने लिंक्डइन पोस्ट में लिखा है कि प्रोफेसर के राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली कमेटी की सिफारिश पर एनटीए अपने सबसे बड़े संस्थागत सुधार से गुजर रहा है। एकेडिमक कठोरता, टेक्नोलॉजी, सिक्योरिटी, ऑपरेशन्स, गवर्नेंस के मामले में हम एजेंसी को फिर से तैयार कर रहे है ताकि हम करोड़ों अभ्यार्थियों को हमसे वह विश्वसनीयता मिल सके जिसके वह हकदार हैं।
यंग प्रोफेशनल्स के लिए भी निकाली गई है भर्ती
एनटीए द्वारा यंग प्रोफेशनल्स के लिए भी भर्ती निकाली गई है। ये भर्तियां एकेडमिक रिसर्च में 12 पदों, लीगल रिसर्च में दो पदों और फाइनेंस और अकाउंट्स रिसर्च में दो पदों के लिए निकाली गई हैं। इन नई भर्तियों के माध्यम से एनटीए अपने संस्थागत ढ़ांचे को मजबूत करने की कोशिश में सकारात्मक कदम उठाने का प्रयास कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने हाई पावर टास्क फोर्स के गठन की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को हाई पावर टास्क फोर्स के गठन की घोषणा की है। इस टास्क फोर्स की अध्यक्षता इंफोसिस के को-फाउंडर नंदन नीलेकणि करेंगे। फोर्स परीक्षा प्रणाली को बेहतर करने की दिशा में काम करेगी।
क्या करती है एनटीए
एनटीए यानी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी देश भर में प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन करती है। इन परीक्षाओं में नीट, यूजीसी नेट, जेईई समेत अलग- अलग प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन करती है। पिछले कुछ समय से एनटीए द्वारा आयोजित परीक्षाओं में धांधली के आरोप लग रहे थे, ऐसे में परीक्षा संबंधी सिस्टम को बेहतर करने और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एनटीए में नई भर्तियां की जा रही हैं।