सावन माह की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से यात्रा पर निकलने से पहले नए रूट की जानकारी लेने की अपील की है, क्योंकि कई प्रमुख मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।

मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार के अनुसार, 30 जुलाई से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया जाएगा। वहीं 4 अगस्त से दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-58) और गंग नहर मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस दौरान कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।

दिल्ली, हरिद्वार, देहरादून और सहारनपुर के बीच सफर करने वाले लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ सकता है। रोडवेज बसें भी डायवर्ट रूट से चलेंगी, जिससे यात्रा का समय बढ़ने के साथ किराए पर भी असर पड़ सकता है।

प्रशासन ने हरिद्वार और सहारनपुर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को देवबंद, मीरापुर, पचेंडा और मेरठ के मवाना होते हुए भेजने की व्यवस्था की है। वापसी का ट्रैफिक भी इसी रूट से संचालित होगा।

गाजियाबाद में भी 29 जुलाई से 12 अगस्त तक चरणबद्ध ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। भारी मालवाहक वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं 5 अगस्त से हल्के वाणिज्यिक वाहन, कार और अन्य यात्री वाहनों पर भी प्रतिबंध लागू होगा।

इसके अलावा गंग नहर रोड और पाइपलाइन रोड को पूरी तरह बंद रखा जाएगा। 7 अगस्त से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों को छोड़कर अन्य वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। सीमापुरी और तुलसी निकेतन की ओर से आने वाली सरकारी और निजी बसों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गाजियाबाद जिले को 11 जोन, 24 सेक्टर और 108 सब-सेक्टर में बांटा है। करीब 300 कांवड़ शिविर, 24 से अधिक चिकित्सा शिविर, 65 एंबुलेंस, 250 से ज्यादा रिजर्व अस्पताल बेड और संवेदनशील घाटों पर एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की तैनाती की जाएगी। यात्रा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगी।

 

Written by Rozi sinha