कई बार वास्तविक घटनाएं किसी फिल्म की कहानी से भी ज्यादा हैरान कर देती हैं। ब्रिटेन में रहने वाले एक दंपति के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ, जब उन्हें अपने पुराने घर के एक भूले हुए हिस्से से ऐसी चीज मिली जिसने उनकी आर्थिक मुश्किलों में बड़ी राहत पहुंचाई। इस अनोखी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लाखों लोग देख चुके हैं।
पुराने घर में छिपा था अनोखा राज
रिपोर्ट के अनुसार, लुईसा और उनके पति डैन एक ऐसे मकान में रहते हैं, जिसका निर्माण 1900 से भी पहले हुआ था। घर की सीढ़ियों के नीचे बनी एक बंद जगह को लेकर दोनों के मन में लंबे समय से उत्सुकता थी। आखिरकार उन्होंने वहां लगी दीवार हटाने का फैसला किया। दीवार टूटते ही कोयले के अवशेषों के बीच उन्हें एक पुराना और जंग लगा पेंट का डिब्बा दिखाई दिया।
बदबूदार डिब्बा खोलने पर हुआ बड़ा खुलासा
डिब्बे की हालत बेहद खराब थी। उस पर जंग लगी हुई थी, कीड़े-मकोड़े रेंग रहे थे और उसमें से तेज बदबू आ रही थी। इसी वजह से दंपति ने कई महीनों तक उसे खोलने की हिम्मत नहीं की। बाद में उन्होंने सच्चाई जानने का फैसला किया और पूरे पल को कैमरे में रिकॉर्ड करते हुए सावधानी से डिब्बा खोला।
अंदर रखी थीं पुराने दौर की नोटों की गड्डियां
डिब्बा खुलते ही दोनों हैरान रह गए। उसके अंदर 1970 के दशक की ब्रिटिश करेंसी की कई गड्डियां सुरक्षित रखी हुई थीं। इन नोटों की कुल कीमत लगभग 1,000 पाउंड थी, जो भारतीय मुद्रा में करीब 1.27 लाख रुपये के बराबर है।
परिवार के लिए बन गया यादगार पल
लुईसा ने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इतने पुराने और बदहाल डिब्बे में नकदी मिल सकती है। उनके अनुसार, यह अनुभव पूरे परिवार के लिए बेहद खास रहा। खासतौर पर बच्चों को यह किसी रोमांचक कहानी जैसा लगा और यह घटना उनकी यादों में हमेशा के लिए बस गई।
मुश्किल समय में मिली बड़ी राहत
यह खोज ऐसे समय हुई जब लुईसा की नौकरी जा चुकी थी और परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। अचानक मिले इन पैसों की मदद से उन्होंने जरूरी बिलों का भुगतान किया और बच्चों की कुछ छोटी-छोटी इच्छाएं भी पूरी कीं। उनके लिए यह रकम सिर्फ पैसे नहीं, बल्कि कठिन समय में मिली एक बड़ी राहत साबित हुई।
ये भी पढ़ें- बच्चे के साथ सांप भी देखने लगा कार्टून! सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देख लोग रह गए दंग
Written By Toshi Shah