गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार, जिले के सभी स्कूल 4 अगस्त 2026 से 12 अगस्त 2026 तक बंद रहेंगे। यह आदेश नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों पर लागू होगा। प्रशासन ने यह निर्णय कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली भीड़, यातायात व्यवस्था में बदलाव और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। कांवड़ियों की आवाजाही को सुचारू रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। इसके कारण आम लोगों के साथ-साथ स्कूल बसों और वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होने की संभावना है।

ऑनलाइन माध्यम से जारी रहेगी पढ़ाई
स्कूल बंद रहने के दौरान छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर ऑनलाइन क्लास का शेड्यूल तैयार कर छात्रों को पढ़ाई से जोड़े रखेंगे। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह व्यवस्था जिले के सभी स्कूलों पर लागू होगी। इसमें बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई (CBSE), आईसीएसई (ICSE) समेत अन्य मान्यता प्राप्त बोर्डों से संचालित स्कूल और मदरसा बोर्ड के अंतर्गत आने वाले विद्यालय शामिल हैं।

यह भी पढ़ें : 3.5 लाख शिक्षकों के लिए बनेगी सेवा नियमावली, मनमानी बर्खास्तगी पर लगेगी रोक

छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है, जिससे शहर में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। यह आदेश 4 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों को निर्देशों का पालन करने और छात्रों व अभिभावकों को समय पर जानकारी देने को कहा है।

Written by Rozi Sinha