Surat News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित ‘Semicon India 2026’ कार्यक्रम के दौरान गुजरात के सूरत स्थित पनसाना में Suchi Semicon के अत्याधुनिक Semiconductor Assembly and Testing (OSAT) प्लांट में कमर्शियल प्रोडक्शन का वर्चुअली शुभारंभ किया। इस प्लांट से भारत के सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग और ग्लोबल सप्लाई चेन में एक भरोसेमंद केंद्र के रूप में स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।

868 करोड़ रुपये के निवेश से तैयार हुआ प्लांट
Suchi Semicon के इस प्लांट को करीब 868 करोड़ रुपये के निवेश से तैयार किया गया है। यूनिट को India Semiconductor Mission के तहत मई 2026 में केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिली थी। प्लांट की वार्षिक उत्पादन क्षमता करीब 1,033.20 मिलियन यानी 103.32 करोड़ सेमीकंडक्टर चिप्स है।

एडवांस पैकेजिंग और टेस्टिंग की सुविधा
प्लांट में सेमीकंडक्टर चिप की असेंबली, एडवांस पैकेजिंग और टेस्टिंग का काम किया जाएगा। यहां SOIC, QFN और एडवांस IC पैकेजिंग जैसी तकनीकों की क्षमता विकसित की गई है। सुविधा में हाई-क्वालिटी क्लीनरूम भी ऑपरेशनल हैं। कंपनी के मुताबिक, भारत से पहला कंज्यूमर शिपमेंट भी भेजा जा चुका है।

इन क्षेत्रों में इस्तेमाल होंगी चिप्स
प्लांट में तैयार होने वाली सेमीकंडक्टर चिप्स का इस्तेमाल मुख्य रूप से पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, एनालॉग इंटीग्रेटेड सर्किट, ऑटोमोटिव, इलेक्ट्रिक वाहन, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और एनर्जी एवं पावर मैनेजमेंट डिवाइसेज जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा।

जापानी कंपनी ROHM Semiconductor के साथ तकनीकी सहयोग
Suchi Semicon ने जापान की प्रमुख कंपनी ROHM Semiconductor के साथ तकनीकी सहयोग किया है। इसके जरिए कंपनी एडवांस टेक्नोलॉजी और ग्लोबल क्वालिटी स्टैंडर्ड को अपनाने की दिशा में काम करेगी।

गुजरात में तेजी से बढ़ रहा सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात सरकार ने राज्य में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए कई प्रयास किए हैं। सूरत के पनसाना में Suchi Semicon का प्लांट इस इकोसिस्टम को और मजबूती देगा। गुजरात के धोलेरा में Tata-PSMC semiconductor fab और सानंद में Micron, CG Semi और Kaynes Semicon की परियोजनाओं के साथ राज्य में सेमीकंडक्टर क्षेत्र का विस्तार हो रहा है।

‘Make in India’ और ‘Atmanirbhar Bharat’ को मिलेगा बढ़ावा
Suchi Semicon ने कहा है कि कंपनी गुजरात में सेमीकंडक्टर पैकेजिंग और टेस्टिंग का मजबूत इकोसिस्टम तैयार करने के लिए काम करेगी। इसके लिए एडवांस टेक्नोलॉजी, कुशल मानव संसाधन, स्थानीय सप्लाई चेन और शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग पर जोर दिया जाएगा। प्लांट के शुरू होने से ‘Make in India’ और ‘Atmanirbhar Bharat’ अभियान को भी गति मिलने की बात कही गई है।