दिल्ली के कनॉट प्लेस में शुक्रवार 16 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पार्टी ने लोगों से शाम 5 बजे सेंट्रल पार्क पहुंचने की अपील की है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने साफ किया है कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की अनुमति केवल तय नियमों के तहत दी जाएगी।
तिरंगा और राष्ट्रगान के लिए 11 लोगों को अनुमति
डीसीपी नेहा यादव ने 15 अक्टूबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि तिरंगा लेकर आने और राष्ट्रगान गाने के लिए 11 लोगों के समूह को अनुमति दी जाएगी। इसके लिए एक उपयुक्त जगह तय की जाएगी, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का पूरा सम्मान करना जरूरी होगा। कार्यक्रम के दौरान उनकी गरिमा बनाए रखने का भी ध्यान रखना होगा।
कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में बढ़ी निगरानी
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, कनॉट प्लेस और उसके आसपास पहले से ही निषेधाज्ञा लागू है। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि वे किसी एक जगह पर भीड़ न लगाएं और पुलिस के निर्देशों का पालन करें, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने कई इलाकों में अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। इनमें रानी झांसी रोड के पास स्थित झंडेवालान का इलाका भी शामिल है। यहां CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ठहरे हुए हैं।
16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा सेंट्रल पार्क
दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी और डीसीपी नेहा यादव ने बताया कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने पुलिस को पत्र लिखकर सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को बंद रखने की जानकारी दी है। NDMC ने पार्क की सुरक्षा बनाए रखने और किसी भी व्यक्ति के बिना अनुमति अंदर जाने पर रोक लगाने का अनुरोध भी किया है।
CJP और AAP ने लोगों से पहुंचने की अपील की
CJP ने लोगों से शुक्रवार शाम 5 बजे सेंट्रल पार्क में इकट्ठा होने और अपने साथ तिरंगा लाने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी अपने कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों से इस प्रदर्शन में शामिल होने को कहा है। पुलिस ने बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध पहले से लागू हैं। इनका मकसद इलाके में शांति बनाए रखना, किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और लोगों के साथ-साथ सरकारी व निजी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।