नई दिल्ली:16 सितंबर, बुधवार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिन के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा दिवस’ का व्यापक आयोजन करने जा रही है। प्रधानमंत्री के जनसेवा और राष्ट्र-समर्पण के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित इस अभियान के तहत देशभर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी का यह ‘सेवा संकल्प अभियान’ देश के जन-जन तक सेवा और समर्पण की भावना का विस्तार करने का एक अनूठा प्रयास है।

केंद्रीय मुख्यालय में रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे नितिन नवीन

राष्ट्रीय राजधानी में कल प्रातः 9:30 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 6A, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय में विशाल रक्तदान शिविर का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इसके माध्यम से देशभर के युवाओं और कार्यकर्ताओं को रक्तदान और समाज सेवा से जोड़ा जाएगा। ऐसे रक्तदान शिविर, स्वच्छता कार्यक्रम देश भर में पार्टी द्वारा चलाया जा रहा है जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता बढ़-चढ़ कर भाग लेंगे।

वडनगर में अमित शाह करेंगे महाआरती, स्वच्छता अभियान और पदयात्रा का शुभारंभ

कल प्रातः 9:00 बजे गुजरात के वडनगर से केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ऐतिहासिक शर्मिष्ठा तालाब के तट पर आयोजित भव्य महाआरती में सम्मिलित होंगे। वे शाह स्वच्छता अभियान का शुभारंभ करेंगे और साथ ही 'वडनगर से वाराणसी' पदयात्रा एवं विशाल बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस गरिमामयी समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, गुजरात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, राज्य के उपमुख्यमंत्री सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व जनमानस उपस्थित रहेंगे।

वाराणसी से 'वाराणसी से वडनगर' यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे राजनाथ सिंह

दोपहर 12:00 बजे धर्मनगरी वाराणसी से 'वाराणसी से वडनगर' यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा को रवाना करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सहित केंद्र व राज्य सरकार के अनेक वरिष्ठ मंत्री, सांसद और प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे।

शाम को 500 से अधिक स्थलों पर प्रज्वलित होगा ‘आशीर्वाद का दीया’

दिनभर के सेवा कार्यों के बाद शाम को देश के 500 से अधिक प्रमुख स्थलों पर एक साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जाएगा, जिसके माध्यम से देश की 140 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री के दीर्घायु व यशस्वी जीवन की मंगलकामना की जाएगी। इसके अंतर्गत कल शाम 6:30 बजे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मोक्षदायिनी मां शिप्रा के पावन तट पर आरती में भाग लेंगे और ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे। ठीक इसी समय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद स्थित कांकरिया लेक परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित करेंगे। इसी प्रकार पार्टी के सभी केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मंत्री, सांसद, विधायक, जन-प्रतिनिधि और समस्त कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों व घरों में शाम को श्रद्धापूर्वक दीया जलाकर इस राष्ट्रव्यापी संकल्प से जुड़ेंगे।

Reported by: M. Athar Uddin Munne Bharti