नई दिल्ली: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिसंबर महीने में अमेरिका जाने की बात पर काफी चर्चा चल रही है। दरअसल, 14-15 दिसंबर, 2026 को फ्लोरिडा में G-20 शिखर सम्मेलन होने वाला है और इसी को लेकर पीएम मोदी दिसंबर में अमेरिका का दौरा कर सकते हैं। यह सम्मेलन ट्रंप नेशनल डोरल मियामी में आयोजित किया जाएगा। जिसकी मेजबानी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप करेंगे।
PM मोदी को व्यक्तिगत रूप से अमेरिका ने दिया न्योता
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इस बात की पुष्टी करते हुए बताया कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो मई में अपनी भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को व्यक्तिगत रूप से मिले और उन्हें अमेरिका आने का न्योता दिया था। अगर पीएम मोदी अमेरिका जाते हैं तो वह फ्लोरिडा में होने वाल G20 समिट 2026 में शामिल होंगे और ट्रंप के साथ उनकी द्विपक्षीय बैठक भी हो सकती है।
अमेरिका के बाद मोदी कनाडा की द्विपक्षीय वार्ता में होंगे शामिल
हालांकि, पीएम मोदी की इस यात्रा को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय ने अभी तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी है। G20 के दौरान क्वाड समिट कराने की भी तैयारियां चल रही हैं। इसके अलावा कहा जा रहा है कि अमेरिका के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कनाडा की द्विपक्षीय यात्रा भी कर सकते हैं। हालांकि, इन यात्राओं को लेकर अंतिम कार्यक्रम भारत सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।
भारत एवं अमेरिका के बीच व्यापार समझौता लगभग तय
एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत एवं अमेरिका के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौता लगभग बनकर तैयार है। हालांकि, इसमें कई सारी बातों का अभी शामिल होना बाकी है। जिसके बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। सर्जियो गोर ने उम्मीद जताई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे से पहले यह समझौता बनकर पूरी तरह से तैयार हो जाएगा।
2025 में हुई थी पीएम मोदी की पिछली अमेरिकी यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी की पिछली अमेरिका यात्रा 13 फरवरी 2025 को हुई थी। जिसके दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन डीसी में पीएम मोदी की आधिकारिक वर्किंग विजिट पर उनकी मेजबानी की थी। इस तरह प्रधानमंत्री कार्यालय की आधिकारिक यात्रा सूची के मुताबिक, फरवरी 2025 के बाद पीएम मोदी की कोई अमेरिका यात्रा दर्ज नहीं की गई है।