Kal Ka Mausam, 19 September 2026: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है। हालांकि ज्यादातर राज्यों में बारिश की गतिविधियां पहले के मुकाबले कम हुई हैं, लेकिन कुछ इलाकों में मौसमी सिस्टम के असर से बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 सितंबर 2026 के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। आइए जानते हैं 19 सितंबर को देश के प्रमुख राज्यों में मौसम कैसा रह सकता है।

दिल्ली-NCR में कल कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में बारिश की गतिविधियां अब काफी कम हो गई हैं। हालांकि 19 सितंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना भी है।मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में और कमी आने की संभावना है। 21 से 23 सितंबर के बीच दिल्ली का आसमान अपेक्षाकृत साफ रह सकता है।

राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट

राजस्थान के कई हिस्सों में मौसमी सिस्टम के असर से भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कुछ इलाकों में 19 सितंबर को भी बारिश जारी रह सकती है।पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 19 सितंबर के आसपास मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनने की संभावना है। हालांकि दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में 20 सितंबर को भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आ रही है, लेकिन कुछ जिलों में अभी भी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 और 20 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है।पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 19 सितंबर को कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।

बिहार में भी बारिश और बिजली गिरने की संभावना

बिहार में 19 सितंबर को कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 24 सितंबर तक अलग-अलग इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को मौसम विभाग के स्थानीय अलर्ट पर नजर रखनी चाहिए।

पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट

पश्चिम बंगाल में राजधानी कोलकाता समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 19 सितंबर को दक्षिण बंगाल में तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई है।उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिमपोंग और जलपाईगुड़ी में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। सिक्किम में भी भारी बारिश की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश

मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 19 सितंबर को बारिश होने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अनुमान है।छत्तीसगढ़ में भी कई इलाकों में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। राज्य में यह गतिविधियां 23 सितंबर तक जारी रह सकती हैं।