देश के कई हिस्सों में सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 सितंबर को देश के करीब 22 राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पहाड़ी राज्यों में बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।
अंडमान सागर में डिप्रेशन का असर
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी अंडमान सागर और उससे सटे म्यांमार तट के पास बना डिप्रेशन कई क्षेत्रों के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके असर से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 29 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि झोंकों की गति 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार, 29 सितंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को राजधानी में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, हालांकि कुछ इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं।
यूपी के कई जिलों में बारिश
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में 29 सितंबर को बारिश की संभावना है। शामली, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा, बुलंदशहर, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, संभल, अलीगढ़, हाथरस, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बरेली और बदायूं समेत कई जिलों में मौसम सक्रिय रह सकता है। वहीं गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, आजमगढ़, देवरिया, कुशीनगर और मऊ में भी बारिश के आसार हैं। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी है। पूर्वी यूपी में 30 सितंबर तक बारिश जारी रह सकती है।
बिहार और झारखंड में भी अलर्ट
बिहार में 29 सितंबर को कुछ इलाकों में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। राज्य में मौसम की गतिविधियां 1 अक्टूबर तक जारी रह सकती हैं। झारखंड में भी 29 सितंबर को आंधी, बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। यहां 4 अक्टूबर तक अलग-अलग इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बिजली का खतरा
उत्तराखंड में 29 सितंबर से 4 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में भी 29 सितंबर को बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी 29 सितंबर को बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की स्थिति बन सकती है। यहां 2 से 4 अक्टूबर के बीच भी बारिश जारी रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- पटना के ADM पर विजिलेंस का शिकंजा, 79 लाख कैश और 48 घड़ियां बरामद
समुद्र में जाने से बचें
अंडमान सागर और आसपास के समुद्री क्षेत्रों में 29 सितंबर की शाम तक समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रह सकती है। वहीं 29 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच म्यांमार और बांग्लादेश के तटीय क्षेत्रों तथा उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में भी समुद्र अशांत रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को इन समुद्री इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है।