UP Ka Mausam Today: बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन का असर अभी भी पूरे उत्तर भारत में बना हुआ है। इसी वजह से उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 27 सितंबर के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के साथ लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड में सबसे ज्यादा खतरा

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कई इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान है।

इन राज्यों में भी बरसेंगे बादल

IMD के अनुसार, 27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और आंधी-तूफान का असर रहेगा। वहीं 27 सितंबर से अगले कुछ दिनों तक मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में अलग-अलग जगहों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है।बिहार में कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 27 और 28 सितंबर को आंधी-तूफान और तेज बारिश का अनुमान है।

उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने एक बार फिर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान अल्मोड़ा, बागेश्वर, देहरादून, हरिद्वार, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल, उधम सिंह नगर और उत्तरकाशी में कई जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।मौसम विभाग ने मसूरी, ऋषिकेश, चकराता, गंगोत्री, यमुनोत्री, रानीखेत, जागेश्वर धाम, कौसानी, मुनस्यारी और आसपास के इलाकों में भी तेज बारिश, बिजली गिरने और झोंकेदार हवाओं की चेतावनी दी है।