DUSU Election 2026 Result: दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन यानी डूसू चुनाव 2026 के लिए शुक्रवार, 18 सितंबर को मतदान संपन्न हो गया। दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े रेगुलर कॉलेजों में सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक और सांध्य कॉलेजों में दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक वोटिंग हुई। निर्धारित समय के बाद भी कुछ कॉलेजों में मतदान जारी रहा।

मतदान खत्म होने के बाद अब डीयू से संबद्ध कॉलेजों के छात्रसंघ चुनाव के नतीजे सामने आने लगे हैं। शुरुआती नतीजों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कई कॉलेजों में जीत दर्ज की है। कुछ कॉलेजों में संगठन ने सभी सीटों पर कब्जा करते हुए क्लीन स्वीप किया है। वहीं, डूसू के सेंट्रल पैनल के नतीजे शनिवार को घोषित किए जाएंगे।

ABVP ने इन कॉलेजों में दर्ज की जीत

कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के सामने आए नतीजों के अनुसार, ABVP ने कई कॉलेजों में प्रमुख पदों पर जीत हासिल की है। इनमें कुछ कॉलेजों में संगठन ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की है।

  • भारती महाविद्यालय: ABVP ने 8-0 से क्लीन स्वीप किया।
  • शिवाजी कॉलेज: ABVP ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की।
  • डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज: संगठन ने छात्रसंघ के सभी चार पदों पर जीत हासिल की।
  • केशव महाविद्यालय: ABVP ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पद पर जीत दर्ज की।
  • अरविंदो कॉलेज मॉर्निंग: ABVP ने क्लीन स्वीप किया।
  • अदिति महाविद्यालय: संगठन ने सभी सीटों पर जीत दर्ज की।
  • श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC): ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और दोनों काउंसलर पदों पर जीत हासिल की।
  • श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज: ABVP ने अध्यक्ष, सचिव और दोनों सेंट्रल काउंसलर पदों पर जीत दर्ज की।

कॉलेजों के अन्य छात्रसंघों के नतीजे भी चरणबद्ध तरीके से जारी किए जा रहे हैं।

शनिवार को जारी होंगे डूसू सेंट्रल पैनल के नतीजे

डूसू के सेंट्रल पैनल के लिए मतदान EVM के जरिए कराया गया। इसके लिए कुल 52 पोलिंग सेंटर बनाए गए थे। मतदान पूरा होने के बाद सभी EVM को सुरक्षित रखा गया है।शनिवार को नॉर्थ कैंपस स्थित मल्टीपर्पज हॉल में EVM खोली जाएंगी और मतगणना शुरू होगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर बाद तक सेंट्रल पैनल के सभी नतीजे जारी किए जा सकते हैं।सेंट्रल पैनल में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के पदों के लिए चुनाव होता है।

सेंट्रल पैनल पर 19 उम्मीदवार मैदान में

डूसू चुनाव दो स्तरों पर आयोजित होता है। पहले स्तर पर दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में छात्रसंघ के चुनाव होते हैं। वहीं, दूसरे स्तर पर डूसू का सेंट्रल पैनल चुना जाता है।डूसू चुनाव 2026 के सेंट्रल पैनल में कुल 19 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें अध्यक्ष पद के लिए 7, उपाध्यक्ष पद के लिए 5, सचिव पद के लिए 4 और संयुक्त सचिव पद के लिए 4 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।