नई दिल्ली: दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराने के ऐलान से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के अधिकारी उन पर नजर रख रहे हैं और उन्हें किसी भी समय गिरफ्तार किया जा सकता है। दीपके ने कहा कि तिरंगा फहराने के लिए जेल जाना पड़ा, तो वह इसके लिए भी तैयार हैं।

दीपके ने देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि जिस घर में वह मौजूद हैं, उसके आसपास पुलिस और IB के अधिकारी घूम रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहर निकलने पर बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियां उनका पीछा करती हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

तिरंगा फहराने के लिए जेल जाना पड़ा, तो तैयार हूं
CJP प्रमुख ने कहा कि उन्हें शुक्रवार को कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा फहराना है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से पाबंदियां लगाई जा रही हैं। दीपके ने कहा कि पहले 10 अक्टूबर को विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया गया था, लेकिन उनके मुताबिक उस दौरान दिल्ली में कई जगहों पर प्रतिबंध लगाए गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि 16 अक्टूबर को तिरंगा फहराने के कार्यक्रम से पहले सेंट्रल पार्क बंद कर दिया गया।

उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि क्या देश में तिरंगा फहराना अपराध हो गया है? दीपके ने कहा कि वह इस तरह की कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं और अपने कार्यक्रम पर कायम हैं।

CJP नेताओं की हिरासत पर जताई नाराजगी
अभिजीत दीपके ने CJP के दो नेताओं आशुतोष रांका और सौरभ दास को हिरासत में लिए जाने पर भी नाराजगी जताई। उनके मुताबिक, बुधवार को जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराने और नारेबाजी करने के मामले में दोनों नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया था। बाद में उन्हें पांच दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दीपके ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के लिए चुने गए स्थानों पर लगातार प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि शांतिपूर्ण तरीके से तिरंगा फहराने की कोशिश को रोकने की जरूरत क्यों पड़ रही है।

कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद
इस पूरे मामले पर दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को कहा था कि एक छोटे समूह को तिरंगा फहराने की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि, पुलिस के मुताबिक कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में निषेधाज्ञा लागू है और लोगों से वहां इकट्ठा नहीं होने की अपील की गई है। दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी एवं डीसीपी नेहा यादव ने बताया था कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने पुलिस को पत्र लिखकर सूचित किया है कि कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा।

ऐसे में शुक्रवार को CJP के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है। एक तरफ अभिजीत दीपके ने तिरंगा फहराने का ऐलान दोहराया है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने इलाके में लागू प्रतिबंधों का हवाला दिया है। 

और पढ़ें: दिल्ली: कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क 16-17 अक्टूबर को बंद, CJP के प्रदर्शन से पहले NDMC का नोटिस