Call Me Bae Season 2: अनन्या पांडे के फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। उनकी चर्चित वेब सीरीज 'कॉल मी बे' (Call Me Bae) एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए लौट रही है। मेकर्स ने सीरीज के दूसरे सीजन की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। इस बार भी बे अपनी ग्लैमरस लाइफ, दोस्ती, प्यार और मजेदार अंदाज से दर्शकों का दिल जीतने वाली हैं। नया सीजन 17 दिसंबर को OTT प्लेटफॉर्म Amazon Prime Video पर प्रीमियर होगा।
इस दिन रिलीज होगा Call Me Bae Season 2
अमेजन प्राइम वीडियो ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो शेयर कर दूसरे सीजन की रिलीज डेट की जानकारी दी। वीडियो में अनन्या पांडे अपने सीरीज के आइकॉनिक डायलॉग को दोहराती नजर आईं। उन्होंने कहा, मैं बे हूं, मैं यहां मारने, खाने, प्यार करने और प्रार्थना करने आई हूं। दिन का मजा लो।
आठ एपिसोड वाली यह सीरीज अपने पुराने अंदाज में ह्यूमर, ग्लैमर और दोस्ती का तड़का लगाने वाली है। हालांकि, इस बार बे की जिंदगी में पहले से ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे।
एक्स-हसबैंड की वापसी से उलझेगी बे की लव लाइफ
दूसरे सीजन में बे का अपना न्यूज शो आखिरकार ऑन एयर होने वाला है। इससे उसे शोहरत और पहचान तो मिलेगी, लेकिन इसके साथ उसकी निजी और प्रोफेशनल जिंदगी में नई मुश्किलें भी आएंगी।
कहानी में ट्विस्ट तब आएगा, जब बे का एक्स-हसबैंड दोबारा उसकी जिंदगी में लौटेगा। वहीं, उसका चार्मिंग बॉस भी उसे अपनी तरफ आकर्षित करेगा। ऐसे में बे के लिए अपने करियर और दिल के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं होगा। इसके अलावा, दोस्तों के ग्रुप में एक नई बहन की एंट्री भी रिश्तों में तनाव पैदा करेगी।
श्रुति हासन की भी होगी एंट्री
कोलिन डी'कुन्हा के निर्देशन में बनी इस सीरीज में अनन्या पांडे के साथ श्रुति हासन भी नजर आएंगी। इसके अलावा वीर दास, गुरफतेह पीरजादा, वरुण सूद, विहान समत, मुस्कान जाफरी, निहारिका लायरा दत्त, लिसा मिश्रा और मिनी माथुर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। सीरीज को इशिता मोइत्रा ने क्रिएट किया है। वहीं करण जौहर, अदार पूनावाला और अपूर्व मेहता ने धर्माटिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले इसे प्रोड्यूस किया है।
2024 में आया था पहला सीजन
बता दें कि 'Call Me Bae' का पहला सीजन साल 2024 में रिलीज हुआ था। अब दूसरे सीजन में बे की जिंदगी के नए चैप्टर देखने को मिलेंगे। ऐसे में दर्शकों को 17 दिसंबर का इंतजार रहेगा।
ये भी पढ़ें: क्या डूबने की कगार पर है Ola Electric? घटती कमाई ने बढ़ाई मुश्किलें!