नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता अली फजल जल्द ही ईएम फॉर्स्टर के मशहूर उपन्यास 'A Passage to India' पर आधारित वेब सीरीज में मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस पांच एपिसोड की सीरीज में अली फजल के साथ टिम मिचिन और फियोना शॉ भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। वहीं, दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा होंगे। इस सीरीज का निर्देशन एमी अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर रिची मेहता करेंगे।

1920 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी कहानी

Variety की रिपोर्ट के मुताबिक, यह सीरीज 1920 के दशक के भारत की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी। इसमें अली फजल डॉक्टर अजीज की भूमिका निभाएंगे, जो एक स्थानीय डॉक्टर हैं और लंबे समय से लोगों की सेवा कर रहे हैं। अजीज का मानना है कि ब्रिटिश शासन के बावजूद भारतीयों और अंग्रेजों के बीच सच्ची दोस्ती कायम रह सकती है।

हालांकि, माराबार गुफाओं में हुई एक रहस्यमयी घटना के बाद उनकी जिंदगी बदल जाती है। इस घटना के बाद अजीज पर हमले का आरोप लगता है और मामला एक बड़े विवाद का रूप ले लेता है। देखते ही देखते यह मामला सार्वजनिक चर्चा और मुकदमे का विषय बन जाता है। इस पूरी घटना के बीच कहानी उपनिवेशवाद के सामाजिक और व्यक्तिगत प्रभावों को सामने लाती है।

नसीरुद्दीन शाह और शहाना गोस्वामी भी आएंगे नजर

सीरीज में नसीरुद्दीन शाह गोडबोले की भूमिका निभाएंगे। वह कॉलेज में पढ़ाते हैं और संकट के दौरान अपने आध्यात्मिक नजरिए से अहम भूमिका निभाते हैं। वहीं, शहाना गोस्वामी अमृत राव के किरदार में नजर आएंगी, जो अजीज की वकील हैं और भारत की पहली महिला वकील बनी हैं।

इसके अलावा डेनिश हुसैन अजीज के चाचा और करीबी दोस्त हमीदुल्लाह की भूमिका निभाएंगे। टिम मिचिन एक रहस्यमयी शिक्षक का किरदार निभाएंगे, जो अजीज के करीब आता है। वहीं, फियोना शॉ मूर की भूमिका में होंगी।

रिची मेहता ने बताया अपना ड्रीम प्रोजेक्ट

निर्देशक रिची मेहता ने इस उपन्यास को पर्दे पर उतारने को अपना लंबे समय का सपना बताया है। उनके मुताबिक, ईएम फॉर्स्टर के किरदारों और उनकी जटिलताओं को आज के दौर से जोड़कर पेश करना एक शानदार अनुभव है। उनका मानना है कि यह कहानी आज भी प्रासंगिक है और दर्शकों के लिए एक प्रभावशाली ड्रामा साबित हो सकती है।

पहले भी फिल्म और नाटक के रूप में हो चुकी है कहानी

ईएम फॉर्स्टर का उपन्यास 'A Passage to India' साल 1924 में प्रकाशित हुआ था। इससे पहले भी इस कहानी को मंच और पर्दे पर उतारा जा चुका है। साल 1984 में निर्देशक डेविड लीन ने इसी कहानी पर फिल्म बनाई थी। इस फिल्म को 11 ऑस्कर नॉमिनेशन मिले थे और इसने दो अवॉर्ड अपने नाम किए थे।

बता दें कि अली फजल हाल ही में 'मिर्जापुर: द फिल्म' में नजर आए थे। अब 'A Passage to India' के जरिए वह एक बार फिर एक अलग तरह के किरदार में दिखाई देने वाले हैं। हालांकि, सीरीज की रिलीज डेट को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़ें: Ananya Panday की 'Call Me Bae' की नई रिलीज डेट का ऐलान, इस दिन से होगी स्ट्रीमिंग शुरू!