Delhi Assembly Winter Session: दिल्ली विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 दिसंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी आधिकारिक बयान में इसकी जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शीतकालीन सत्र के दौरान दिल्ली के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर और सार्थक चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जरूरी फैसले लेने और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उपराज्यपाल से मिलीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राजधानी के विकास, जनकल्याण और विधानसभा के आगामी सत्र को लेकर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि बैठक में दिल्ली के भविष्य की प्राथमिकताओं और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक बातचीत हुई।

दिल्ली को वर्ल्ड क्लास राजधानी बनाने का लक्ष्य

रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन के अनुरूप दिल्ली को आधुनिक सुविधाओं, मजबूत बुनियादी ढांचे और बेहतर जीवन स्तर वाली विश्वस्तरीय राजधानी बनाना सरकार का लक्ष्य है।

उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और समन्वय से दिल्ली के विकास को नई गति देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

विधानसभा सुरक्षा सेंध मामले में आरोपी को नियमित जमानत

वहीं, दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले में आरोपी सरबजीत सिंह को तीस हजारी कोर्ट से नियमित जमानत मिल गई है। अदालत ने आरोपी की मेडिकल स्थिति और अप्रैल 2026 से हिरासत में रहने की अवधि को ध्यान में रखते हुए यह राहत दी।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (ASJ) अंकुर जैन ने आरोपी को 50 हजार रुपये के जमानत बॉन्ड और इतनी ही राशि के दो जमानतदार पेश करने की शर्त पर जमानत दी।

कार से गेट तोड़कर विधानसभा परिसर में घुसने का आरोप

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सरबजीत सिंह को 6 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि उसने तेज रफ्तार कार से विधानसभा के गेट को टक्कर मारी और सुरक्षा व्यवस्था को तोड़ते हुए परिसर में प्रवेश किया था।

पुलिस ने जमानत का विरोध करते हुए मामले को गंभीर बताया। हालांकि, अदालत ने पाया कि आरोपी बाइपोलर डिसऑर्डर से पीड़ित है और मामले की जांच पूरी हो चुकी है। चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है। इन तथ्यों और आरोपी की हिरासत की अवधि को देखते हुए अदालत ने नियमित जमानत मंजूर कर दी।

और पढ़ें; दिल्ली में प्रदूषण जांच केंद्रों को मिलेंगे 1-1 लाख रुपये, पुराने वाहनों को हटाने के लिए भी सरकार देगी भारी छूट