Yami Gautam Nayyi Naveli new song: यामी गौतम धर की आगामी फिल्म 'नई नवेली' का नया गाना 'भाभी तबाही' रिलीज हो गया है। ज़ी म्यूज़िक द्वारा पेश किए गए इस गाने को जी.वी. प्रकाश कुमार ने कंपोज और प्रोड्यूस किया है, जबकि इसके बोल वायु ने लिखे हैं। गाने को अपनी आवाज़ नीति मोहन ने दी है। रिलीज के साथ ही यह गाना फिल्म के देसी और कॉमिक अंदाज़ की झलक पेश करता है।
मुंह दिखाई की रस्म में यामी का अंदाज
'भाभी तबाही' में यामी गौतम अपने किरदार 'मोहिनी' के रूप में नजर आती हैं। गाने में मोहिनी की परिवार में एंट्री और मुंह दिखाई की रस्म को खास अंदाज़ में दिखाया गया है। यामी गाने पर शानदार डांस करती दिखाई देती हैं और अपने ऑन-स्क्रीन देवर के साथ डांस मुकाबला भी करती हैं।
गाने की खासियत इसका म्यूजिकल फ्यूजन है। इसमें 'भांगड़ा, रैप, क्लासिकल म्यूज़िक और हिप-हॉप' को मिलाकर एक ऊर्जावान देसी ट्रैक तैयार किया गया है।
परफेक्ट दुल्हन या डायन?
'नई नवेली' में यामी एक ऐसी दुल्हन का किरदार निभा रही हैं, जिसकी मासूम और आदर्श छवि के पीछे एक रहस्यमयी राज छिपा हुआ है। फिल्म की कहानी मेरठ के एक अव्यवस्थित परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी नई दुल्हन के आने के बाद बदल जाती है। हालांकि, उसके देवर को शक होने लगता है कि उसकी आदर्श भाभी वास्तव में एक डायन हो सकती है। हाल ही में जारी टीजर में भी परिवार के भीतर इसी रहस्य और हास्य को केंद्र में रखा गया था।
बड़ी स्टारकास्ट और 16 अक्टूबर को रिलीज
फिल्म का निर्देशन 'बालाजी मोहन' ने किया है, जबकि इसे आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने प्रोड्यूस किया है। कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म में आदिनाथ एम. कोठारे, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुष्मिता मुखर्जी और सोनल झा समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।
'नई नवेली'16 अक्टूबर को पूरे भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। यामी इससे पहले 'आर्टिकल 370' में नजर आई थीं, जिसके लिए उन्होंने अपना पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के रूप में जीता था।
ये भी पढ़ें: बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला, 36 IPS बने नोडल ऑफिसर