रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने एनटीपीसी अंडरग्रेजुएट भर्ती 2026 का शॉर्ट नोटिस जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के जरिए नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (NTPC) के अंडरग्रेजुएट स्तर के कुल 1,688 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 13 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। विस्तृत भर्ती नोटिफिकेशन 14 अक्टूबर को जारी किया जाएगा।

 किन पदों पर होगी भर्ती?

RRB NTPC UG भर्ती में चार अलग-अलग पद शामिल किए गए हैं। पदों का विवरण इस प्रकार है:

- ट्रेन क्लर्क: 188 पद

- कमर्शियल कम टिकट क्लर्क: 700 पद

- अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट: 200 पद

- जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट: 600 पद

कमर्शियल कम टिकट क्लर्क पद के लिए शुरुआती मूल वेतन 21,700 रुपये निर्धारित है। वहीं ट्रेन क्लर्क, अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट और जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट पदों के लिए शुरुआती वेतन 19,900 रुपये है। चयनित उम्मीदवारों को 7वें केंद्रीय वेतन आयोग के प्रावधानों के अनुसार वेतन के साथ निर्धारित भत्तों का लाभ मिलेगा।

12वीं पास उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन

इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट और जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट पदों के लिए कंप्यूटर पर हिंदी या अंग्रेजी में टाइपिंग की निर्धारित योग्यता भी जरूरी होगी।

आयु सीमा की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। इस तारीख को उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

15 अक्टूबर से खुलेगा आवेदन पोर्टल

योग्य उम्मीदवार RRB के आधिकारिक आवेदन पोर्टल या अपने संबंधित क्षेत्रीय रेलवे भर्ती बोर्ड की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया में सबसे पहले नया रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद प्राप्त लॉगिन विवरण के जरिए उम्मीदवार आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज कर सकेंगे।

दस्तावेज अपलोड कर शुल्क जमा करें

इसके बाद आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर सहित अन्य प्रमाणपत्र अपलोड करने होंगे। निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट किया जा सकेगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन पूरा होने के बाद उसकी कॉपी डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रखें।

कितना है आवेदन शुल्क?

सामान्य और ओबीसी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं एससी, एसटी, पूर्व सैनिक, महिला, पीडब्ल्यूडी, ट्रांसजेंडर, अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रुपये है।

सीबीटी-1 में शामिल होने वाले सामान्य और ओबीसी उम्मीदवारों को बैंक शुल्क काटने के बाद 400 रुपये वापस किए जाएंगे। शुल्क में रियायत पाने वाली श्रेणियों के उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होने पर 250 रुपये की राशि वापस की जाएगी।

कई चरणों में होगा चयन

RRB NTPC UG भर्ती की चयन प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1) आयोजित की जाएगी। इसमें सफल और पात्र उम्मीदवारों को CBT-2 के लिए बुलाया जाएगा।

अकाउंट्स क्लर्क कम टाइपिस्ट और जूनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट जैसे टाइपिंग आधारित पदों के लिए उम्मीदवारों को टाइपिंग स्किल टेस्ट भी देना होगा। चयन प्रक्रिया के अंतिम चरणों में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षा शामिल होगी।

ये भी पढ़ें- शी जिनपिंग एक दशक के बाद पहुंचे US, ट्रंप ने तोड़ा प्रोटोकॉल, खुद एयरपोर्ट पहुंचकर किया रिसीव

CBT-1 और CBT-2 का परीक्षा पैटर्न

CBT-1 में कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और परीक्षा के लिए 90 मिनट का समय मिलेगा। इसमें:

- जनरल अवेयरनेस: 40 प्रश्न

- गणित: 30 प्रश्न

- जनरल इंटेलिजेंस एंड रीजनिंग: 30 प्रश्न

CBT-2 में कुल 120 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें जनरल अवेयरनेस के 50, गणित के 35 और रीजनिंग के 35 प्रश्न होंगे। CBT-1 और CBT-2 दोनों परीक्षाओं में गलत उत्तर देने पर एक-तिहाई अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू होगी।

उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले 14 अक्टूबर को जारी होने वाले विस्तृत नोटिफिकेशन में पात्रता, परीक्षा प्रक्रिया, क्षेत्रवार रिक्तियों, महत्वपूर्ण तिथियों और अन्य नियमों की जानकारी ध्यान से जांचनी चाहिए।