Bank Holiday 27 September 2026: 27 सितंबर 2026 रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। सरकार ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित UFBU की तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए यह फैसला लिया है। लगातार छुट्टियों के कारण ग्राहकों को होने वाली परेशानी कम करना इसका मुख्य उद्देश्य है। आमतौर पर रविवार को बैंक बंद रहते हैं, लेकिन 27 सितंबर 2026 को ऐसा नहीं होगा। वित्त मंत्रालय ने ऐलान किया है कि देश के सभी Public Sector Banks (PSB) और Regional Rural Banks (RRB) रविवार को सामान्य रूप से काम करेंगे।
सरकार ने यह फैसला यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल को देखते हुए लिया है। 26 सितंबर शनिवार और 27 सितंबर रविवार की छुट्टी के बाद अगर तीन दिन की हड़ताल होती, तो बैंकिंग सेवाएं लगातार कई दिनों तक प्रभावित हो सकती थीं।
सरकार ने क्यों खोले बैंक?
वित्त मंत्रालय के मुताबिक, लगातार छुट्टियों और उसके बाद प्रस्तावित हड़ताल के कारण आम लोगों को बैंकिंग सेवाओं के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता था। इसी परेशानी को कम करने के लिए रविवार को बैंक खोलने का फैसला किया गया है।मंत्रालय ने कहा कि लोगों की जरूरी बैंकिंग जरूरतें लंबे समय तक प्रभावित न हों, इसलिए 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे। RBI ने भी 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, ATM-linked branches और currency chests को चालू रखने की मंजूरी दी है।
28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल
UFBU ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। यूनियन की प्रमुख मांगों में बैंकिंग क्षेत्र में 5 दिन का कार्य सप्ताह लागू करना शामिल है। UFBU करीब 90 प्रतिशत बैंकिंग कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करता है।सरकार, वित्तीय सेवा विभाग और बैंक प्रबंधन की ओर से हड़ताल टालने की अपील की गई है। हालांकि, UFBU का कहना है कि 5 दिन के बैंकिंग सप्ताह की मांग पर ठोस और सकारात्मक प्रगति नहीं होने पर प्रस्तावित हड़ताल जारी रहेगी।
ग्राहकों को क्या करना चाहिए?
अगर आपको बैंक की शाखा में जाकर कोई जरूरी काम कराना है तो 27 सितंबर रविवार को इसका मौका मिलेगा। वहीं 28 से 30 सितंबर के बीच शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। SBI समेत कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग काम पहले ही निपटाने की सलाह दी है। ग्राहकों से ATM, UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल करने को भी कहा गया है। हालांकि, हड़ताल के दौरान डिजिटल सेवाएं जारी रहने की उम्मीद है, लेकिन चेक क्लियरेंस, शाखा से जुड़े कुछ लेनदेन और अन्य ऑफलाइन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। इसलिए जिन लोगों को बैंक शाखा में जाकर काम कराना है, वे 27 सितंबर का दिन इस्तेमाल कर सकते हैं।
11 सितंबर को भी हुई थी हड़ताल
इससे पहले 11 सितंबर 2026 को भी UFBU के बैनर तले एक दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल हुई थी। यूनियन की ओर से 5 दिन के बैंकिंग सप्ताह समेत अन्य मांगों को लेकर यह आंदोलन किया गया था। अब सितंबर के आखिर में प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल को लेकर बैंकिंग सेवाओं पर असर की आशंका जताई जा रही है। इसी वजह से सरकार ने रविवार को बैंक खोलने का फैसला लिया है।