कोलकाता: Adani Group पश्चिम बंगाल में अगले दशक के दौरान 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश करने की योजना बना रहा है। Adani Group के चेयरमैन गौतम अडानी ने गुरुवार को कोलकाता में Indian Chamber of Commerce (ICC) के Annual Session & AGM 2026 में यह घोषणा की।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित निवेश पोर्ट, लॉजिस्टिक्स, पावर जनरेशन, पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन, सड़क, ब्रिज, रोपवे, ग्रीन सीमेंट और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में किया जाएगा। कंपनी ने अपनी आधिकारिक घोषणा में निवेश का लक्ष्य 2035 तक बताया है।
बंगाल सिर्फ एक बाजार नहीं
गौतम अडानी ने कहा कि बंगाल में समूह की प्रतिबद्धता केवल अलग-अलग प्रोजेक्ट तक सीमित नहीं है। उन्होंने पूर्वी भारत को देश की अगली आर्थिक विकास यात्रा में बड़ी भूमिका निभाने की जरूरत बताई। अडानी के मुताबिक, भारत की आर्थिक वृद्धि के अगले चरण में पूर्वी भारत का योगदान बढ़ना जरूरी है और इस लिहाज से बंगाल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की भौगोलिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के खनिज एवं औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ा है। इसके अलावा बंगाल पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया की ओर जाने वाले बाजारों तक पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
2,000 बेड का Adani Arogya Mandir भी बनेगा
निवेश योजना के साथ गुरुवार को कोलकाता के New Town में 2,000 बेड वाले Adani Arogya Mandir की आधारशिला भी रखी गई। कंपनी के मुताबिक इस परियोजना पर 4,000 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होंगे। Adani Group के अनुसार यह एक not-for-profit medical institution होगा। अस्पताल के 2,000 बेड में से 1,000 बेड आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए रखे जाएंगे, जो राज्य और केंद्र की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के तहत पात्र होंगे।
परियोजना करीब 51.75 एकड़ में विकसित की जाएगी। इसमें मेडिकल कॉलेज, रिसर्च और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी शामिल होंगी। कंपनी के अनुसार पूरे हेल्थकेयर इकोसिस्टम से करीब 10,000 रोजगार पैदा होने की उम्मीद है।
Data Centre और AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी फोकस
गौतम अडानी ने कहा कि कंपनी Artificial Intelligence से जुड़ी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की बढ़ती मांग को देखते हुए पहले से तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि ग्लोबल hyperscalers के लिए gigawatt-scale capacity तैयार करने की शुरुआती तैयारियों के कारण समूह के पास देश में डेटा सेंटर का बड़ा ऑर्डर बुक है।
अडानी ने कहा कि भारत को मांग बढ़ने से पहले ही ऊर्जा और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना होगा। उनके मुताबिक, सप्लाई चेन में बदलाव और डिजिटल तथा फिजिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के बढ़ते मेल को देखते हुए पहले से क्षमता तैयार करना जरूरी है।
बंगाल को 'दूसरा कर्मभूमि' बनाने की बात
Adani Group की आधिकारिक घोषणा के मुताबिक, गौतम अडानी ने पश्चिम बंगाल को पूर्वी भारत में समूह की दूसरी 'कर्मभूमि' के रूप में विकसित करने की इच्छा जताई। उन्होंने गुजरात के मुंद्रा को समूह की पश्चिमी भारत में पहली कर्मभूमि बताते हुए बंगाल में लंबे समय के निवेश की बात कही। इसके अलावा समूह ने कोलकाता के ऐतिहासिक Writers' Building के संरक्षण और कुछ अन्य सांस्कृतिक परियोजनाओं में सहयोग की प्रतिबद्धता भी जताई है।
कहां-कहां निवेश की योजना?
पोर्ट और मैरीटाइम इंफ्रास्ट्रक्चर
लॉजिस्टिक्स
पावर जनरेशन
पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन
सड़क और ब्रिज
रोपवे
ग्रीन सीमेंट
हाइपरस्केल डेटा सेंटर
हेल्थकेयर और मेडिकल एजुकेशन
Adani Group का यह निवेश लक्ष्य फिलहाल 2035 तक की घोषित योजना है। वास्तविक निवेश परियोजना-दर-परियोजना मंजूरी, क्रियान्वयन और पूंजी आवंटन पर निर्भर करेगा।