Venezuela Earthquake NISAR Satellite: वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के बाद NASA-ISRO के संयुक्त मिशन NISAR सैटेलाइट ने खुलासा किया है कि कुछ इलाकों में जमीन करीब 60 सेंटीमीटर (2 फीट) तक खिसक गई। InSAR तकनीक की मदद से वैज्ञानिकों ने धरती की सतह में हुए सूक्ष्म बदलावों का विश्लेषण किया। यह डेटा भविष्य में आफ्टरशॉक और भूकंप के खतरे का आकलन करने में USGS और अन्य वैज्ञानिक संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
कब आया था वेनेजुएला में भीषण भूकंप?
वेनेजुएला में आए दो भीषण भूकंपों ने सिर्फ इमारतों और बुनियादी ढांचे को ही नहीं, बल्कि धरती की सतह को भी बदल दिया। अब NASA और ISRO के संयुक्त मिशन NISAR (NASA-ISRO Synthetic Aperture Radar) ने रडार इमेजिंग के जरिए खुलासा किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में जमीन करीब 60 सेंटीमीटर (लगभग 2 फीट) तक अपनी जगह से खिसक गई। 24 जून को उत्तरी वेनेजुएला में पहले 7.2 तीव्रता का भूकंप आया। इसके महज 39 सेकेंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा झटका लगा। इन दोनों भूकंपों ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई। हादसे में 5,000 से अधिक लोगों की मौत हुई, जबकि 16,700 से ज्यादा लोग घायल हुए। राजधानी कराकास और ला गुआइरा सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में रहे।
भूकंप के तुरंत बाद NISAR ने अपने अर्जेंट रिस्पॉन्स ऑब्जर्वेशन सिस्टम के तहत प्रभावित इलाके की रडार इमेजिंग की। वैज्ञानिकों ने भूकंप से पहले और बाद की तस्वीरों की तुलना InSAR (Interferometric Synthetic Aperture Radar) तकनीक से की, जो धरती की सतह में मिलीमीटर स्तर तक के बदलाव का पता लगाने में सक्षम है। विश्लेषण में सामने आया कि सबसे ज्यादा बदलाव कराकास के उत्तर में स्थित एयरपोर्ट के आसपास दर्ज किया गया, जहां जमीन करीब 60 सेंटीमीटर तक खिसक गई।
वैज्ञानिकों के अनुसार, यह भूकंप स्ट्राइक-स्लिप फॉल्ट के कारण आया, जिसमें दो टेक्टोनिक प्लेटें एक-दूसरे के ऊपर-नीचे जाने के बजाय समानांतर दिशा में फिसलती हैं। इस घटना में कैरिबियन टेक्टोनिक प्लेट और दक्षिण अमेरिकी प्लेट के बीच यही प्रक्रिया हुई। NISAR से मिले आंकड़े अब USGS समेत अन्य वैज्ञानिक संस्थानों के लिए बेहद अहम माने जा रहे हैं। इनकी मदद से फॉल्ट लाइनों में बचा तनाव, संभावित आफ्टरशॉक और भविष्य में भूकंप के खतरे वाले क्षेत्रों का अधिक सटीक आकलन किया जा सकेगा।
और पढे़ं:
आखिरी फोन कॉल, 800 करोड़ की संपत्ति और फिर अचानक गायब... कौन हैं जेफरी एपस्टीन की गर्लफ्रेंड करीना ?
Written By shailesh Yadav