दही खाना किसको नहीं पसंद.... गर्मी हो या ठंडी हम अक्सर किसी न किसी तरीके से दही का इस्तेमाल करते ही हैं। खाने में सादा दही,दही बूंदी,लस्सी,रायता तो सब्जियों में टेस्ट के लिए भी हम दही का इस्तेमाल करते हैं तो वही कुछ लोग दही को बालों में भी लगाते हैं।

हालांकि गर्मियों में दही जमाना आसान है, लेकिन अक्सर गाय के दूध से दही या तो पतला जमता है या फिर पानी जैसा लगता है। कई बार दही इतना पतला जमता है कि बर्तन पलटते ही फैल जाता है। अगर आप भी बाजार जैसा गाढ़ा और मलाईदार दही घर पर जमाना चाहती हैं, तो गाय के दूध से इसे जमाने का ये आसान तरीका जरूर आजमाएं। इसमें दही अच्छी तरह सेट होगा और स्वाद भी बढ़िया आएगा।

पहले दूध को अच्छी तरह उबालें
गाय का दूध पतला होता हैं। इसलिए उसे थोड़ा ज्यादा उबालने से वो थोड़ा गाढ़ा होता हैं। इसलिए सबसे पहले दूध को एक गहरे बर्तन में डालकर अच्छी तरह उबाल लें। दूध में एक-दो उबाल आने के बाद इसे कुछ देर धीमी आंच पर पकने दें। इससे दूध थोड़ा गाढ़ा हो जाएगा और दही जमने के बाद भी पानी की तरह नहीं लगेगा।

दूध का तापमान रखें सही
दही जमाने के लिए दूध न तो बहुत गर्म होना चाहिए और न ही पूरी तरह ठंडा होना चहिए। इसलिए उबले हुए दूध को हल्का गुनगुना होने तक ठंडा करें या फिर उंगली डाल कर दूध का तापमान एक बार चेक कर ले अगर दूध गर्म महसूस हो, लेकिन जलन न हो, तो यह दही जमाने के लिए सही तापमान है।

अब डालें थोड़ा सा जामन
दही ज़माने के लिए जामन एक अहम रोल प्ले करता है इसके लिए एक कटोरी में 1-2 चम्मच ताजा दही लें। इसे हल्का सा फेंटकर गुनगुने दूध में डालें और अच्छी तरह मिला दें। ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा जामन डालने से दही खट्टा हो सकता है और उसकी बनावट भी खराब हो सकती है।

यह भी पढ़ें:बिना चावल भिगोए कुकर में सिर्फ 15 मिनट में बनाएं गाढ़ी-मलाईदार खीर, स्वाद ऐसा कि बार-बार खाने का करेगा मन

बर्तन को हिलाएं नहीं
जामन डालने के बाद दूध को ढककर ऐसी जगह रखें जहां बर्तन बार-बार हिले नहीं। ठंडे मौसम में इसे गर्म जगह पर रखा जा सकता है। गर्मियों में दही कुछ घंटों में जम जाता है, जबकि सर्दियों में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है।

गाढ़े दही के लिए अपनाएं ये ट्रिक
अगर आप चाहते हैं कि दही इतना गाढ़ा जमे कि बर्तन पलटने पर भी बाहर न निकले, तो दूध को उबालते समय थोड़ा ज्यादा देर तक पकाएं। दूध जितना गाढ़ा होगा, दही की बनावट उतनी ही क्रीमी और सेट होगी।

दही जम जाने के बाद इसे तुरंत चम्मच से न चलाएं। कुछ समय के लिए फ्रिज में रख दें। इससे दही और अच्छी तरह सेट हो जाएगा और खाने में बिल्कुल गाढ़ा-मलाईदार लगेगा।