Cristiano Ronaldo Wedding: पुर्तगाल के महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपनी लॉन्ग-टाइम गर्लफ्रेंड जॉर्जीना रोड्रिगेज के साथ आखिरकार शादी कर ली है। पिछले 11 साल से रिलेशनशिप में रहे इस जोड़े ने पुर्तगाल के कासकैस में एक बेहद निजी समारोह में सात फेरे लिए।

एक साल पहले की थी सगाई
यह गुप्त विवाह समारोह 11 अगस्त 2026 को आयोजित किया गया था। दिलचस्प बात यह है कि ठीक एक साल पहले, यानी 11 अगस्त 2025 को इस जोड़े ने सगाई की थी। 41 वर्षीय रोनाल्डो ने अपनी शादी को पूरी तरह से प्राइवेट रखा और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। इस सेरेमनी में केवल परिवार के करीबी लोग और उनके पांचों बच्चे शामिल हुए।

सोशल मीडिया के जरिए दी खुशखबरी
रोनाल्डो और जॉर्जीना ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर तस्वीर साझा कर शादी की आधिकारिक पुष्टि की। शेयर की गई तस्वीर में दोनों के बाएं हाथ की उंगलियों में अंगूठियां साफ नजर आ रही हैं। इस सरप्राइज अनाउंसमेंट के बाद से ही फैंस इस जोड़े को सोशल मीडिया पर जमकर बधाइयां दे रहे हैं। हालांकि, इस प्राइवेट सेरेमनी की अन्य कोई तस्वीर या वीडियो सामने नहीं आया है।

पांच बच्चों के माता-पिता हैं रोनाल्डो-जॉर्जीना
यह कपल शादी से पहले ही पांच बच्चों की परवरिश कर रहा है। उनके बच्चों के नाम क्रिस्टियानो जूनियर, जुड़वां बच्चे ईवा और माटेओ, अलाना मार्टिना और बेला एस्मेरल्डा हैं। रोनाल्डो और रोड्रिगेज ने साल 2017 में बेटी अलाना का स्वागत किया था। इसके बाद 2022 में जॉर्जीना ने फिर से जुड़वां बच्चों को जन्म दिया, हालांकि जन्म के समय दुर्भाग्यवश उनके बेटे एंजेल का निधन हो गया था, जबकि उनकी जुड़वां बहन बेला सुरक्षित हैं।

रोनाल्डो अपने परिवार के बेहद करीब हैं और फुटबॉल के व्यस्त शेड्यूल से समय निकालकर अक्सर उनके साथ छुट्टियां बिताते हैं। इस कपल की पारिवारिक जीवन शैली पर नेटफ्लिक्स पर 'आई एम जॉर्जीना' नाम की एक चर्चित सीरीज भी आ चुकी है।

और पढे़ं: चीन के दबाव के आगे झुका नेपाल? अब ऑनलाइन होगा काठमांडू यूनिवर्सिटी में तिब्बती अध्ययन सेमिनार 

Written by Shailesh Yadav