Vodafone Idea (Vi) ने प्रीपेड यूजर्स के लिए एक नया फैमिली ग्रुप फीचर पेश किया है। इसकी मदद से परिवार के सदस्य जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे को मोबाइल डेटा भेज सकेंगे। कंपनी का दावा है कि यह भारत का पहला प्रीपेड फैमिली प्लान है, जिसमें डेटा शेयर करने की सुविधा दी गई है। इसके लिए यूजर्स को Vi ऐप पर अपना फैमिली ग्रुप बनाना होगा। खास बात यह है कि परिवार के सदस्य अलग-अलग शहरों में रहते हुए भी इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।
Vi ऐप पर ऐसे बनेगा फैमिली ग्रुप
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए यूजर्स को Vi ऐप के जरिए फैमिली ग्रुप बनाना होगा। एक ग्रुप में कुल चार लोग शामिल हो सकते हैं। इनमें एक प्राइमरी मेंबर होगा और बाकी तीन लोग सेकेंडरी मेंबर के तौर पर जुड़ सकेंगे।
ग्रुप में शामिल होने के बाद भी सभी सदस्यों के मोबाइल कनेक्शन अलग-अलग रहेंगे। उनके मौजूदा रिचार्ज प्लान और वैलिडिटी में भी कोई बदलाव नहीं होगा, यानी परिवार के सभी लोगों के लिए एक ही प्लान लेना जरूरी नहीं है। हर सदस्य अपने मौजूदा प्लान के साथ ग्रुप में शामिल हो सकता है।
जरूरत पड़ने पर दूसरे को भेज सकेंगे 500MB डेटा
Vi के इस फीचर के जरिए परिवार का कोई सदस्य दूसरे सदस्य को एक बार में 500MB मोबाइल डेटा भेज सकेगा। उदाहरण के लिए, अगर किसी का इंटरनेट खत्म होने वाला है और उसे ऑनलाइन क्लास करनी है या वीडियो कॉल करनी है, तो वह परिवार के दूसरे सदस्य से डेटा ले सकता है।
यह सुविधा मैप्स इस्तेमाल करने और दूसरे जरूरी ऑनलाइन कामों के दौरान भी मददगार हो सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि एक दिन या एक महीने में कितनी बार डेटा ट्रांसफर किया जा सकता है। शेयर किए गए डेटा की वैलिडिटी को लेकर भी जानकारी स्पष्ट नहीं है।
अलग-अलग शहरों में रहने पर भी मिलेगी सुविधा
इस फैमिली ग्रुप की एक और खास बात यह है कि इसमें परिवार के सदस्य अलग-अलग शहरों में रहते हुए भी जुड़ सकते हैं। इतना ही नहीं, अलग-अलग टेलीकॉम सर्किल में रहने वाले लोग भी इस ग्रुप का हिस्सा बन सकेंगे।
इसका मतलब है कि अगर परिवार के कुछ सदस्य दूसरे शहर में पढ़ाई या नौकरी करते हैं, तो भी वे इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। डेटा शेयर करने के लिए सभी का एक ही जगह रहना जरूरी नहीं होगा।
ये भी पढ़ें- WhatsApp का नया फीचर! बिना अकाउंट के भी कर सकेंगे voice और video कॉल, जानें कैसे करेगा काम
Vi ऐप से रिचार्ज करने पर मिलेगी 10 प्रतिशत तक छूट
कंपनी फैमिली ग्रुप में शामिल सभी सदस्यों को Vi ऐप के जरिए रिचार्ज करने पर 10 प्रतिशत तक की छूट भी देगी। यह छूट ग्रुप के सभी सदस्यों के लिए उपलब्ध होगी। हालांकि, कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि किस रिचार्ज प्लान पर कितनी छूट मिलेगी। इसलिए रिचार्ज करने से पहले यूजर्स Vi ऐप पर उपलब्ध ऑफर की जानकारी देख सकते हैं।