दिल्ली सरकार ने राजधानी में रामलीला, दुर्गा पूजा और छठ पूजा की तैयारियों को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए तीन अलग-अलग कमेटियों का गठन किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर बनाई गई ये कमेटियां आयोजन स्थलों पर सुरक्षा, ट्रैफिक, सफाई, बिजली, चिकित्सा और अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करेंगी।
कमेटियां तीनों त्योहारों के लिए आयोजन स्थलों की समीक्षा कर उन्हें अंतिम रूप देने में भी भूमिका निभाएंगी। साथ ही, आयोजन समितियों को संबंधित जिला मजिस्ट्रेट कार्यालयों में सिंगल-विंडो व्यवस्था के माध्यम से जरूरी अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) प्राप्त करने में सहायता दी जाएगी।
रामलीला के लिए विशेष व्यवस्था
रामलीला की तैयारियों वाली कमेटी की अध्यक्षता सामाजिक कल्याण एवं सहयोग मंत्री रविंद्र इंद्रज सिंह करेंगे। विधायक अशोक गोयल, अनिल कुमार शर्मा, श्याम शर्मा, संजय गोयल और संदीप सहरावत इसके सदस्य होंगे।
कमेटी रामलीला स्थलों पर पेयजल, एम्बुलेंस, फायर सर्विस, मोबाइल टॉयलेट, सफाई, फॉगिंग, ट्रैफिक प्रबंधन और निर्बाध बिजली आपूर्ति जैसी व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी।
दुर्गा पूजा और विसर्जन पर फोकस
दुर्गा पूजा कमेटी की अध्यक्षता कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा करेंगे। विधायक शिखा रॉय और नीरज बसोया के साथ सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि भट्टाचार्य, देवदत्त भारद्वाज और अरुण मुखर्जी इसमें सदस्य होंगे।
कमेटी बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा के अलावा मूर्ति विसर्जन के लिए अस्थायी तालाब या टैंक की व्यवस्था तथा विसर्जन के बाद संबंधित स्थलों की सफाई सुनिश्चित करेगी।
छठ घाटों पर सुविधाओं की निगरानी
छठ पूजा कमेटी की कमान भी कपिल मिश्रा संभालेंगे। विधायक अभय कुमार वर्मा, चंदन कुमार चौधरी, संदीप सहरावत और दीपक चौधरी तथा सामाजिक कार्यकर्ता संतोष ओझा इसके सदस्य होंगे। कमेटी छठ घाटों पर पानी, सफाई, चिकित्सा, सुरक्षा, फायर सर्विस, ट्रैफिक और बिजली जैसी सुविधाओं की निगरानी करेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ये त्योहार दिल्लीवासियों की आस्था और भावनाओं से गहराई से जुड़े हैं। सरकार का उद्देश्य है कि भक्तों और आयोजकों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
ये भी पढ़ें: मुश्ताक खान के जनाजे में बॉलीवुड क्यों नहीं पहुंचा? रजा मुराद ने जताई नाराजगी