Kota Bus Accident: राजस्थान के कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मध्य प्रदेश से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रही 25 से ज्यादा यात्रियों से भरी मिनी बस अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस की सीटों के बीच फंस गए, जिन्हें ग्रामीणों ने कांच तोड़कर बाहर निकाला।

सुबह 6 बजे हुआ हादसा, पुलिया से नीचे गिरी बस
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 6 बजे कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र में हुई। मिनी बस भोपाल से खाटूश्यामजी जा रही थी। बताया गया कि कराड़िया टोल से कुछ किलोमीटर दूर बस पुलिया से नीचे नाले में गिर गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आगे की सीटों पर बैठे यात्रियों को सबसे ज्यादा चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने के बाद बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

सीटों के बीच फंसे यात्री, ग्रामीणों ने तोड़े बस के शीशे
टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्री बस के अंदर सीटों के बीच फंस गए। उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और राहत कार्य में मदद की। हादसे में घायल 6 से ज्यादा लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।

तीन मृतकों की पहचान, कई घायल भी मध्य प्रदेश के निवासी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अब तक तीन मृतकों की पहचान अरुणा, वैष्णवी और त्रिशा के रूप में हुई है। हादसे में घायल लोगों में वंदिता, अजय गावंडे, वेदांत झरबड़े, मोहनिस झरबड़े, आकांक्षी झरबड़े, हेमलता गायकवाड़ और सारांश के नाम सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले छह लोग मध्य प्रदेश के बैतूल के रहने वाले थे। अन्य मृतकों की पहचान और दुर्घटना से जुड़े विवरण जुटाए जा रहे हैं।

 

और पढ़ें: रातभर हिरासत में रहने के बाद रिहा हुईं नेहा बोरा, बोलीं- आम नागरिकों के साथ अपराधियों जैसा बर्ताव