नई दिल्ली: दिल्ली में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले हिरासत में ली गईं ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को शनिवार सुबह पुलिस ने रिहा कर दिया। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत डिपके को अभी भी पुलिस हिरासत में रखा गया है और अब उन्हें स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट में पेश किया जाना है। बता दें कि दिल्ली पुलिस ने दोनों को शुक्रवार को प्रदर्शन से पहले एहतियातन हिरासत में लिया था।
रिहाई के बाद नेहा बोरा ने क्या कहा?
वहीं रिहा होने के बाद नेहा बोरा ने पुलिस की कार्रवाई पर कई सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आम नागरिकों के साथ ऐसे व्यवहार किया जा रहा है, जैसे वे कोई बड़े अपराधी हों। साथ ही उन्होंने रातभर हिरासत में रखने की प्रक्रिया और इसके कानूनी आधार पर भी सवाल उठाए। नेहा बोरा ने यह भी आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान उन्हें कई घंटों तक वकील से बात करने या कानूनी सलाह लेने की अनुमति नहीं मिली। उनके मुताबिक, वकीलों को उनसे संपर्क करने में करीब पांच से छह घंटे तक प्रयास करना पड़ा। ये आरोप नेहा बोरा ने अपनी रिहाई के बाद लगाए हैं।
अभिजीत डिपके को SEM कोर्ट में किया जाएगा पेश
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत डिपके को भी शुक्रवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। वह कनॉट प्लेस में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, डिपके के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस के अनुसार, डिपके को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं, CJP की कानूनी टीम ने उनकी हिरासत और उनसे संपर्क न हो पाने को लेकर चिंता जताई थी।
क्यों बुलाया गया था ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च?
CJP की ओर से शुक्रवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च का आह्वान किया गया था। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच आयोजित किया गया था।
हालाकिं, प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संभावित अव्यवस्था रोकने के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया। नेहा बोरा की रिहाई के बाद अब अभिजीत डिपके को अदालत में पेश किए जाने की कार्रवाई पर नजर है।
यह भी पढ़ें: लंदन पहुंचे ध्रुव राठी, मोदी सरकार के खिलाफ संसद चौक पर करेंगे प्रदर्शन; बोले- अब बजेगा इंटरनेशनल डंका