Greater Noida Girl Rape Murder Case: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ग्रेटर नोएडा में 6 वर्षीय बच्ची के साथ कथित रेप और हत्या की घटना को लेकर उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस घटना को ‘रीढ़ कंपा देने वाला’ बताते हुए कहा कि इससे पूरे प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों के बीच डर का माहौल पैदा हो गया है।
रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अखिलेश यादव ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में अल्पसंख्यक समुदाय की 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ रेप और हत्या का मामला बेहद भयावह है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति इतनी लचर कैसे हो गई कि अपराधियों को सत्ता का डर ही नहीं रह गया।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सत्ता से जुड़े लोगों के अपराधों को दबाने और छिपाने की प्रवृत्ति से अन्य अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसका जवाब इसी बात में छिपा है कि जब प्रभावशाली लोगों से जुड़े मामलों में कार्रवाई दबाई जाती है तो अपराधियों के हौसले बुलंद होते हैं। एसपी प्रमुख ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का दायरा इतना बढ़ गया है कि कुछ पुलिसकर्मियों के अपराधियों के साथ मिलीभगत करने की स्थिति पैदा हो गई है। अखिलेश यादव ने इस पूरे मामले की कड़ी निंदा करते हुए बच्ची को न्याय दिलाने की मांग की।
ग्रेटर नोएडा में अल्पसंख्यक समाज की 6 साल की एक मासूम बच्ची के बलात्कार और हत्या का मामला रूह कँपा देनेवाला है। इससे पूरे प्रदेश में हर बेटी के माँ-बाप अपनी बच्चियों की सुरक्षा को लेकर दहशत में हैं।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 30, 2026
सवाल ये है कि प्रदेश की क़ानून-व्यवस्था इतनी लचर कैसे हो गई है कि अपराधी सत्ता…
क्या है पूरा मामला?
ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव में 6 वर्षीय बच्ची के कथित तौर पर अपहरण और हत्या का मामला सामने आया है। बच्ची 28 अगस्त को घर से लापता हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर एक संदिग्ध तक पहुंच बनाई। बाद में बच्ची का शव कथित तौर पर एक बोरे में मिला। पुलिस ने इस मामले में बलराज नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को बाद में पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है, जबकि विपक्ष ने बच्चियों की सुरक्षा और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल तेज कर दिए हैं।
और पढ़ें: 'गरीब पढ़-लिख जाएगा तो सवाल पूछेगा...' अखिलेश का BJP पर बड़ा हमला, बोले- सवालों से डरती है सरकार