नई दिल्ली: दिल्ली के सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर सीनियर सिटिजन सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना में एक 48 वर्षीय व्यक्ति पवन शर्मा की मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति की मां ने इस घटना के संबंध में FIR दर्ज कराई है।
मेट्रो के फर्श पर सिर में चोट लगने से हुई मौत
दर्ज की गई FIR के मुताबिक, सीट पर बैठने को लेकर शुरू हुए विवाद के दौरान दो लोगों ने पवन शर्मा के साथ मारपीट की। उन दो लोगों पर थप्पड़ मारने और धक्का देने का आरोप है। धक्का लगने से पवन मेट्रो के फर्श पर गिर गए और उनके सिर में चोट आई। इसके बाद मेट्रो स्टाफ ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी मौत हो गई। यह घटना 9, अक्टूबर की बताई जा रही है।
मृतक की मां ने शिकायत कर FIR किया दर्ज
इस मामले में मृतक की मां दुर्गा शर्मा की शिकायत पर सुप्रीम कोर्ट मेट्रो थाने में FIR दर्ज की गई है। जिसमें पुलिस ने आरोपी संजय प्रताप सिंह और सिद्धार्थ सिंह के नाम FIR दर्ज की है। संजय प्रताप सिंह पूर्व वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रह चुके हैं, जबकि सिद्धार्थ सिंह सुप्रीम कोर्ट में वकील बताए गए हैं। वहीं पुलिस दर्ज की गई शिकायत के आधार पर घटना की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है। लेकिन सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचने और व्यक्ति की मौत की खबर ने सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
ये भी पढ़ें-राहुल गांधी ने 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने का किया आह्वान, ‘डरो मत’ का दिया संदेश