दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक युवक को कथित तौर पर थप्पड़ मारने की घटना ने आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच राजनीतिक विवाद तेज कर दिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें वर्मा युवक का मोबाइल नीचे करते और उसके चेहरे पर हाथ उठाते दिखाई देते हैं।
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार पर साधा निशाना
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि युवाओं, खासकर Gen Z, से जुड़ने के लिए सरकार को सोशल मीडिया गतिविधियों के बजाय भ्रष्टाचार और जवाबदेही के मुद्दों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
मंत्री को गिरफ्तार करो।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) September 27, 2026
मैं कल यहाँ जाऊँगा। https://t.co/ER3whnWMnA
सड़क की गुणवत्ता पर आमने-सामने AAP और भाजपा
यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाया। एक रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने सड़क की सतह का एक हिस्सा हाथ से निकालकर निर्माण कार्य पर आपत्ति जताई। मौके पर मौजूद साहेब सिंह, जो जरनैल सिंह की सोशल मीडिया टीम से जुड़े बताए गए हैं, घटना को रिकॉर्ड कर रहे थे। इसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई और थप्पड़ की घटना सामने आई।
सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार दिखाने पर मोदी जी के मंत्री ने एक युवक को सरे आम थप्पड़ मारा।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) September 27, 2026
मैं कल तिलक नगर जाकर इस सड़क का मुआयना करूंगा। pic.twitter.com/MnKbQ5L0CP
AAP का आरोप है कि युवक ने केवल सड़क की खराब स्थिति को सामने रखा था। साहेब सिंह ने भी दावा किया कि PWD विभाग की ओर से सड़क की स्थिति देखने के लिए उन्हें मौके पर बुलाया गया था।
प्रवेश वर्मा ने दी अलग सफाई
प्रवेश वर्मा ने घटना से इनकार नहीं किया, लेकिन इसका कारण अलग बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद AAP कार्यकर्ताओं ने उनके परिवार के खिलाफ कथित रूप से अपशब्द कहे, जिसके बाद उन्होंने गुस्से में प्रतिक्रिया दी। वर्मा ने जरनैल सिंह और उनके समर्थकों पर सरकारी काम में बाधा डालने तथा अधिकारियों पर कमीशन मांगने जैसे आरोप भी लगाए।
मोदी जी, मैं आपको बताता हूँ Gen Z से कैसे जुड़ सकते हो? पर आप ये करोगे नहीं। pic.twitter.com/wnBb0mI0kd
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) September 28, 2026
पुलिस के सामने दोनों पक्षों की शिकायत
वहीं दिल्ली पुलिस के अनुसार, घटना को लेकर दोनों पक्षों से शिकायतें मिली हैं और मामले के तथ्यों की जांच की जा रही है। साहेब सिंह की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है। वहीं, रिपोर्टों में यह भी सामने आया है कि साहेब सिंह के खिलाफ पहले एक अलग मामले में FIR दर्ज हो चुकी थी।
घटना के बाद AAP नेताओं ने वर्मा के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस विवाद ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, राजनीतिक टकराव और सार्वजनिक व्यवहार को लेकर दिल्ली की राजनीति में नया मुद्दा खड़ा कर दिया है।
ये भी पढ़ें: बिग बॉस 20 से बाहर हुईं ईशा रिखी! बादशाह की एक्स-वाइफ का सफर खत्म