Mathura News: आगामी 2027 के यूपी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए बीजेपी का दो दिवसीय 'चिंतन शिविर' मंगलवार को मथुरा में संपन्न हुआ। बता दें कि इस महत्वपूर्ण बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, सीएम योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री और प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक के बाद पार्टी नेताओं ने दावा किया कि बीजेपी लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ राज्य की सत्ता में वापसी करेगी।
'कारसेवक बनकर मथुरा आएं अखिलेश': केशव प्रसाद मौर्य
बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व से मिले मार्गदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ता पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ चुनावी मैदान में उतरने को तैयार हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि यदि अखिलेश वास्तव में भगवान श्रीकृष्ण के सच्चे भक्त हैं, तो उन्हें एक नेता के तौर पर नहीं, बल्कि 'कारसेवक' के रूप में मथुरा आकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण में सहयोग करना चाहिए। मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि शायद ऐसा करने से उनकी 'साइकिल' डूबने से बच जाए और वे 2017 वाली स्थिति को ही बरकरार रख पाएं, इसके आगे उन्हें सपा का कोई भविष्य नजर नहीं आता।
बूथ स्तर तक संपर्क और विपक्ष के नैरेटिव की काट
वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुए इस मंथन के बाद अब पार्टी कार्यकर्ताओं को आगे रखकर बूथ स्तर पर हर व्यक्ति तक पहुंचेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सपा और 'इंडिया' (INDI) गठबंधन द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और नैरेटिव सफल नहीं होंगे। पाठक के अनुसार, विकास और कानून-व्यवस्था के मामले में उत्तर प्रदेश आज नंबर एक पर है, जिसके दम पर बीजेपी तीसरी बार भारी जनादेश हासिल करेगी।
'चुनावी मोड में आ चुकी है पार्टी': राजेंद्र अग्रवाल
बीजेपी नेता राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि चुनाव में अब लगभग तीन महीने का समय बचा है और पार्टी पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुकी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी साल के बारह महीने और चौबीसों घंटे काम करने वाली पार्टी है।
अग्रवाल ने आरोप लगाया कि बीजेपी शासन से पहले उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बदहाल थी और निवेशक राज्य छोड़कर जा रहे थे, लेकिन योगी सरकार में हालात बदले हैं और अब राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी 'डबल इंजन' सरकार के विकास कार्यों के आधार पर जनता के बीच जाएगी।
PDA फॉर्मूले पर हेमा मालिनी की प्रतिक्रिया
मथुरा से बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले और दलितों के समर्थन के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कहने को तो हर कोई कुछ भी कह सकता है, लेकिन किसकी सरकार बनेगी यह 2027 के चुनाव परिणामों के बाद ही स्पष्ट होगा।
उन्होंने कहा कि यह दो दिवसीय बैठक इन्हीं चुनावी तैयारियों की रूपरेखा तय करने के लिए आयोजित की गई है।