बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में है। लंबे समय बाद अनुष्का यादव ने मीडिया से बात की और इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी, उन्होंने कहा कि वह तेज प्रताप के सोशल मीडिया पोस्ट और ट्वीट पर ध्यान नहीं देती हैं। फिलहाल उनकी जिंदगी में सबसे ज्यादा अहमियत उनकी बेटी की है, उन्होंने तेज प्रताप की अच्छी सेहत और लंबी उम्र की कामना भी की।
अनुष्का यादव नवरात्रि के दौरान पटना में एक कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंची थीं। इसी दौरान मीडिया ने उनसे तेज प्रताप यादव को लेकर सवाल पूछे। इस पर उन्होंने कहा कि वह उनके पोस्ट और ट्वीट देखने में अपना समय बर्बाद नहीं करती हैं, उनकी बेटी ही उनकी पूरी दुनिया है और उनका ज्यादातर समय उसी के साथ गुजरता है। हालांकि, उन्होंने विवाद पर खुलकर कुछ भी कहने से परहेज किया।
तेज प्रताप हमारे घर आए थे-अनुष्का
तेज प्रताप यादव के उनके घर पहुंचने को लेकर पूछे गए सवाल पर अनुष्का ने बताया कि उस समय उनके भाई घर पर मौजूद नहीं थे, उन्होंने दावा किया कि तेज प्रताप उनके घर आए थे और अंदर जाने की कोशिश की थी। अनुष्का ने कहा कि यह उनके परिवार का निजी मामला है, उन्होंने यह भी कहा कि तेज प्रताप पहले किसी बात से इनकार करते हैं और फिर उसे स्वीकार भी कर लेते हैं, उनके इस बयान के बाद दोनों के बीच का विवाद फिर से चर्चा में आ गया है।
बेटी उज्जैनी के साथ डांडिया कार्यक्रम में पहुंचीं अनुष्का
अनुष्का यादव अपनी बेटी उज्जैनी के साथ पटना में आयोजित डांडिया क्लास में शामिल होने पहुंची थीं, उन्होंने बताया कि यह उनके परिवार का कार्यक्रम था और विशाल भैया ने उन्हें इसमें शामिल होने के लिए बुलाया था। इस मौके पर उन्होंने लोगों को नवरात्रि और दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं भी दीं।
ये भी पढ़ें- कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति के खिलाफ दर्ज कराई FIR, ऑडियो रिकॉर्डिंग से मचा हड़कंप; लगाए ये गंभीर आरोप
बिहार चुनाव से पहले वायरल हुई थीं तस्वीरें
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव की पर साथ की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इनमें से एक वीडियो में दोनों के शादी करने का दावा किया गया था। इस घटना के बाद बिहार की राजनीति में भी काफी चर्चा हुई थी।
मामले के सामने आने के बाद लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को परिवार और पार्टी से अलग करने का ऐलान किया था। इसके बाद तेज प्रताप ने इस रिश्ते को लेकर अलग-अलग मौकों पर बयान दिए। अब अनुष्का यादव के ताजा बयान के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।