उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। मंत्री ने 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में FIR दर्ज कराई, उनकी शिकायत में धोखाधड़ी, घरेलू हिंसा, मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी से जुड़ी सच्चाई छिपाने का आरोप

रेखा आर्या ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि साल 2004 में गिरधारी लाल साहू ने खुद को अविवाहित बताकर उनसे शादी की थी। हालांकि, मंत्री का दावा है कि उस समय उनके पति पहले से शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी थे। आरोप है कि शादी से पहले यह बात उनसे छिपाई गई थी।

मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने का भी आरोप

मंत्री ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने इस मामले पर सवाल उठाए, तो उनके पति ने उनके साथ मारपीट की और गाली-गलौज की। शिकायत के मुताबिक, उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। रेखा आर्या ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके स्टाफ के सामने उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया गया।

दस्तावेजों में फर्जीवाड़े का दावा

रेखा आर्या ने कारोबारी मामलों में भी धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया है, उनका कहना है कि उनके फर्जी हस्ताक्षर करके और गलत दस्तावेज तैयार कर यह दिखाने की कोशिश की गई कि उन्होंने कंपनियों के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया है। मंत्री का दावा है कि उन्होंने ऐसा कोई इस्तीफा नहीं दिया था।

ऑडियो रिकॉर्डिंग को लेकर भी लगाए गंभीर आरोप

रेखा आर्या ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साझा की है। वीडियो में वह भावुक नजर आ रही हैं। मंत्री का कहना है कि हाल ही में उनके हाथ एक ऐसी ऑडियो रिकॉर्डिंग लगी, जिससे उन्हें अपने और बच्चों की हत्या की साजिश रचे जाने का शक हुआ।

ये भी पढ़ें- क्या दिवाली से पहले आएगी PM Kisan की 24वीं किस्त? e-KYC से लेकर बैंक खाते तक के कर लें ये काम

शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

मीडिया में सामने आई जानकारी के मुताबिक, वीडियो साझा करने के बाद रेखा आर्या की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई थी।