Sanju Samson Performance in 2026: एशियाई खेल पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया है। जापान के निशिन में स्थित करोगी पार्क स्टेडियम में खेले मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 211/6 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान की पारी 20 ओवर में 192/6 रन की बना सकी और गोल्ड मेडल गंवा बैठी।

हालांकि, इस मैच में भारतीय टीम प्रबंधन की सबसे बड़ी चिंता भी सामने आई, जो संजू सैमसन का फॉर्म है। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मैचों में दो अर्धशतक ठोके थे, लेकिन एशियाई खेलों और जापान के खिलाफ वह बुरी तरह से फ्लॉप रहे।

पाकिस्तान के खिलाफ बनाए 2 रन

शनिवार को एशियाई खेल पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत का सामना चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से हुआ था, जहां विकेटकीपर बल्लेबाज को नंबर तीन पर खेलने का मौका मिला। उम्मीद थी कि इस मैच में संजू के बल्ले से एक आक्रामक पारी देखने को मिलेगी, लेकिन वह 4 गेंदों पर सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

इस मैच में संजू ने क्रीज पर मात्र 9 मिनट का समय बिताया था। गोल्ड मेडल मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज को अहमद दानियाल ने अपना शिकार बनाया। इस पाकिस्तानी बॉलर ने संजू को हार्ड लेंथ की गेंद डाली, जो बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर सीधे मिड-ऑन की ओर चली गई। वहां, खड़े अराफत मिन्हास ने एक आसान कैच पकड़ा।

2026 में संजू ने बनाए इतने रन

साल 2026 में संजू सैमसन के प्रदर्शन की बात करें तो वह बेहद कमाल के हैं। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने इस साल खेली 20 पारियों में 28.15 की औसत और 174.83 के स्ट्राइक रेट से 535 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 5 अर्धशतकीय पारियां देखने को मिलीं। यह आंकड़े देखने में बेहद कमाल के हैं, लेकिन चिंता की बात भी इसी में है।

संजू इस साल की शुरुआत में खेली 7 पारियों में 25 का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके थे, जिसमें एक बार वह डक पर आउट हुए तो दो में दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं हुआ। इसके बाद वर्ल्ड कप के तीन निर्णायक मैचों में संजू ने लगातार तीन अर्धशतकीय पारी खेली और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जीता। 

जिम्बाब्वे दौरे से हुए बाहर

टी20 वर्ल्ड कप 2026 खत्म होने के बाद संजू ने अगली तीन पारियों में 5, 0 और 1 का स्कोर बनाया तो चौथे मैच में 27 रन बनाए। यानी संजू ने वर्ल्ड के बाद खेली 4 पारियों में सिर्फ 1 बार 10 या उससे अधिक रन बनाए। इस प्रदर्शन के बाद उनको जिम्बाब्वे टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में वापसी की और 3 पारियों में दो अर्धशतक ठोके। 10, 57 और 50 रन बनाए।

लग रहा था कि संजू फॉर्म में लौट आए हैं, लेकिन एशियन गेम्स 2026 से पहले जापान के खिलाफ एकमात्र मैच में उन्होंने 9 रन बनाए तो एशियाई खेलों में खेली 2 पारियों में 7 और 2 का स्कोर बनाया। संजू का यह प्रदर्शन यकीनन टीम मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय होगा, क्योंकि संजू के बल्ले से निरंतरता देखने को नहीं मिली। एक या दो मैचों में वह बड़ा स्कोर जरूर बनाते हैं लेकिन इसके बाद अगली 4 से 5 पारियां खामोश रहती हैं। अब देखना होगा कि टीम प्रबंधन इससे कैसे निपट पाती है

ये भी पढ़ें- IND vs PAK Asian Games Final Highlight: निशिन में भारतीय क्रिकेट टीम ने लहराया तिरंगा, पाकिस्तान को 19 रन से हराकर जीता गोल्ड