Devajit Saikia on Team India: श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने जापान में खेली जा रही एशियाई खेल पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में पाकिस्तान को हराकर लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीत लिया है। निशिन के कोरोगी पार्क में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 211 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान की बैटिंग 192 रन ही बना सकी और 19 रन से गोल्ड मेडल हार गई। पुरुष के क्रिकेट पदक जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने भारतीय खिलाड़ियों की सराहना की है और कहा कि भारत श्वेत गेंद क्रिकेट में एक सुपरपावर बन गया है।

भारत सुपरपावर बन गया है- सैकिया

पाकिस्तान को हराने के बाद बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा, "बहुत बढ़िया। भारत अब वर्ल्ड व्हाइट-बॉल क्रिकेट में एक सुपरपावर बन गया है। हम हर टूर्नामेंट जीत रहे हैं। मुझे लगता है कि एक ही समय में हमारी टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मैच खेले और आज यहां एशियाई खेलों में भी खेल रही है। इससे पता चलता है कि व्हाइट-बॉल क्रिकेट में हमारी रिजर्व बेंच कितनी मजबूत है।"

आपको बता दें कि, भारत की दो टीमें आज के दिन दो अलग-अलग देशों में मुकाबला खेल रही है। जहां भारतीय टी20 टीम ने जापान में पाकिस्तान को हराया तो दूसरी ओर शुभमन की कप्तानी में भारत वेस्टइंडीज के विरुद्ध वनडे मैच खेल रहा है।

सैकिया ने की भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ

देवजीत सैकिया ने टीम की तारीफ करते हुए कहा कि पुरुष और महिला क्रिकेट में एशिया कप जीतने के बाद, उन्होंने एशियाई खेलों में भी गोल्ड मेडल जीतकर अपना दबदबा साबित किया है। उन्होंने कहा, "इस जीत का पूरा श्रेय सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को जाता है। इसने पूरे देश को बहुत गर्व महसूस कराया है।"

भारत ने एशियाई खेलों में अपना 81वां मेडल पक्का कर लिया है, जिसमें 19वां गोल्ड मेडल भी शामिल है। भारत ने अब तक 26 सिल्वर और 36 ब्रॉन्ज मेडल भी जीते हैं। इससे पहले, हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली महिला टीम ने श्रीलंका को 147 रनों से हराकर महिला क्रिकेट में गोल्ड मेडल जीता था।

भारत ने पार किया 200 का आंकड़ा

निशिन के कोरोगी पार्क में हुए इस मुकाबले में भारतीय पुरुष टीम ने पहली बार 200 का आंकड़ा पार किया और 20 ओवर में स्कोर बोर्ड पर 211 रन लगा दिए। इसमें अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा के बल्ले से निकली शानदार अर्धशतकीय पारियां भी शामिल थीं।

इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान को 20 ओवर में 192 रन पर रोक दिया और 19 रन से मैच जीतकर स्वर्ण पदक जीता। यह भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का एशियाई खेलों में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक है।

ये भी पढ़ें- क्या अभिषेक शर्मा- हार्दिक पंड्या के बीच होगा IPL इतिहास का सबसे बड़ा ट्रेड? टीम बदलने के मूड में दोनों खिलाड़ी